द फॉलोअप,बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सीएम ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। इस दौरान बिहार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इससे पहले गुरुवार को सीएम सम्राट ने बिहार कैडर के IAS और IPS अधिकारियों संग बैठक की थी।
आज राष्ट्रपति भवन में देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस अवसर पर उनका सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।@rashtrapatibhvn pic.twitter.com/m7k1wBlRy7
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 29, 2026
कृषि विकास, किसानों के सशक्तिकरण पर चर्चा
हालांकि राष्ट्रपती से मुलाकात से पहले यह चर्चा थी कि मुख्यमंत्री तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित शहीद तिलका मांझी की प्रतिमा के अनावरण के लिए राष्ट्रपति से आग्रह कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। दोनों के बीच बिहार में कृषि विकास, किसानों के सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में कृषि सुधार और किसानों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा को सकारात्मक बताया।
नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री @ChouhanShivraj जी से मुलाकात कर बिहार में किसानों के सशक्तिकरण तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित विषयों पर सार्थक चर्चा की।#विकसित_भारत #समृद्ध_बिहार pic.twitter.com/8kgljNDwZz
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 29, 2026
उपराष्ट्रपति संग हुई बैठक
वहां मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा से भी मुलाकात की। वहीं, नई दिल्ली में बिहार कैडर के IAS और IPS अधिकारियों के साथ बैठक कर बिहार के विकास, सुशासन और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इन सबकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि विकसित बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाने में अधिकारियों के सुझाव और अनुभव महत्वपूर्ण हैं।