द फॉलोअप डेस्क:
Railway Accident: बिहार (Bihar) के बक्सर जिले में दो घंटे के भीतर तीन अलग-अलग रेल हादसों में तीन लोगों की जान चली गयी। इन घटनाओं ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे बक्सर-चौसा रेलखंड, बक्सर रेलवे स्टेशन (Buxar Railway Station) और डुमरांव-बरुना रेलखंड पर हुए। मृतकों में बक्सर जिले के दो और मोतिहारी जिले का एक व्यक्ति शामिल है। सूचना मिलने के बाद बक्सर रेल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।

बक्सर-चौसा के बीच वृद्ध की मौत
पहली घटना बक्सर और चौसा रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 668/24 और 668/25 के पास हुई। यहां किसी अज्ञात चलती ट्रेन से गिरने के कारण 69 वर्षीय प्रेमचंद राम की मौत हो गयी। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ढूंढनी गांव, पोस्ट पवनी निवासी फादर राम के पुत्र के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी घटना बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर हुई। यहां करीब 30 वर्षीय युवक अज्ञात चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। रेल पुलिस की जांच में उसकी पहचान मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र के अरेराज निवासी अभिमन्यु राम के पुत्र नंदन पासवान के रूप में हुई।

डुमरांव-बरुना रेलखंड पर तीसरी घटना
तीसरी घटना डुमरांव और बरुना रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 646/29-30 के पास हुई। यहां अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 27 वर्षीय लखन कुमार की मौत हो गयी। वह नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर तकिया टोला, वार्ड संख्या चार निवासी रामजी चौधरी के पुत्र थे। बक्सर रेल थानाध्यक्ष मणि चंद्र पांडेय ने तीनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही रेल पुलिस की टीम घटनास्थलों पर पहुंची और शवों को बरामद किया। तीनों मृतकों की पहचान के बाद बक्सर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिये गये।

तीन परिवारों में पसरा मातम
महज दो घंटे के अंतराल में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों से इलाके में शोक का माहौल है। तीनों मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। अचानक हुई मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रेल पुलिस ने तीनों मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।