द फॉलोअप डेस्क:
Viral Bike Stunt: बिहार (Bihar) से जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा एक बाइक स्टंट का वीडियो इन दिनों चर्चा में है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार से चलती बाइक की सीट पर खड़ा दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि युवक ने बाइक का हैंडल भी छोड़ रखा है और संतुलन बनाते हुए अलग-अलग पोज देता नजर आ रहा है। इस दौरान बाइक के पीछे एक ट्रक भी चलता दिखाई देता है। युवक की इस हरकत ने सड़क पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रील के चक्कर में जीवन से खिलवाड़! बेकाबू ट्रक के आगे बाइक पर जानलेवा स्टंट! रील बनाने के जुनून में युवक ने पीछे आते ट्रक की परवाह किए बिना बाइक पर खड़े होकर जानलेवा स्टंट किया! वीडियो वायरल होने के बाद अब कार्रवाई की मांग तेज है, क्योंकि ऐसे हादसों में निर्दोष ट्रक चालक फंसते हैं!
— MANOJ SHARMA LUCKNOW UP???????????????????????? (@ManojSh28986262) November 27, 2026

बाइक और ट्रक के बीच दिखा कम फासला, हादसे का बना खतरा
वीडियो में युवक जिस तरह चलती बाइक पर स्टंट करता नजर आ रहा है, उससे दुर्घटना की आशंका साफ दिखाई देती है। बाइक का संतुलन बिगड़ने या अचानक कोई वाहन सामने आने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसी लापरवाही से केवल स्टंट करने वाले युवक की ही नहीं, बल्कि पीछे चल रहे ट्रक के चालक और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग इस तरह की हरकतों को गैर-जिम्मेदाराना बता रहे हैं।

वीडियो की जगह की पुष्टि नहीं, कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर संबंधित पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक युवक की पहचान, वीडियो की वास्तविक लोकेशन और उसके खिलाफ किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। यह वीडियो बिहार के किस जिले का है, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रभात खबर वीडियो के बिहार का होने के दावे की पुष्टि नहीं करता है। ऐसे में वीडियो के आधार पर किसी स्थान या व्यक्ति के संबंध में निश्चित दावा करना उचित नहीं होगा।