द फॉलोअप डेस्क:
Patna Vigilance Court: बिहार (Bihar) की राजधानी पटना (Patna) में निगरानी विभाग की विशेष अदालत ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी विभाग के पूर्व सिपाही शशिभूषण कुमार (Shashi Bhushan Kumar) के खिलाफ बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने उनकी 1 करोड़ 41 लाख 21 हजार 262 रुपये की चल-अचल संपत्ति बिहार सरकार के पक्ष में राजसात करने का आदेश दिया है। निगरानी के विशेष प्राधिकृत पदाधिकारी न्यायाधीश बृजेश कुमार पाठक ने शुक्रवार, 27 नवंबर को बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम के तहत दाखिल आवेदन पर सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया। अदालत ने संबंधित पक्षों को 30 दिनों के भीतर संपत्ति सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है।

2019 में दर्ज हुआ था आय से अधिक संपत्ति का मामला
मामले के विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने वर्ष 2019 में शशिभूषण कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि 20 जनवरी 1995 से 27 मार्च 2019 के बीच उन्होंने अपनी ज्ञात आय से 1 करोड़ 45 लाख 36 हजार 760 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की थी। यह संपत्ति उन्होंने अपने नाम के साथ अपनी दो पत्नियों और तीन भाइयों के नाम पर भी बनाई थी। जांच के बाद निगरानी विभाग ने बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम के तहत संपत्ति राजसात करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया।

दो बैंक्वेट हॉल, 13 भूखंड और बैंक में जमा राशि होगी जब्त
अदालत के आदेश के दायरे में पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर स्थित दो बैंक्वेट हॉल, पटना और जहानाबाद में मौजूद कुल 13 भूखंड और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। इन संपत्तियों को सरकार के पक्ष में राजसात किया जाएगा। अदालत ने संबंधित पक्षों को एक महीने के भीतर संपत्ति सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है। तय समयसीमा में ऐसा नहीं किए जाने पर संबंधित जिलाधिकारी विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस आदेश के बाद अब जिला प्रशासन और निगरानी विभाग की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।