द फॉलोअप डेस्क:
Vigilance Department Investigation: बिहार (Bihar) के दो बड़े विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वीर कुंवर सिंह (Veer Kunwar Singh) विश्वविद्यालय और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRA Bihar University) में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की अब निगरानी जांच कराने की पहल की गई है। इस संबंध में बिहार लोक भवन सचिवालय की ओर से निगरानी विभाग को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। राज्यपाल सैयद अता हसनैन के निर्देश पर दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कराने की अनुशंसा की गई है।

वीर कुंवर सिंह और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति जांच के दायरे में
जिन दो विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं, उनमें वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय शामिल हैं। दोनों विश्वविद्यालयों में वित्तीय लेनदेन और प्रशासनिक कामकाज में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। बिहार विधान परिषद की शिक्षा समिति ने भी इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगरानी जांच की अनुशंसा की थी। इसके बाद मामले को आगे बढ़ाते हुए राज्यपाल सचिवालय ने निगरानी विभाग को पत्र भेजा है।
उच्च शिक्षा विभाग की अनुशंसा के बाद बढ़ी कार्रवाई
इस पूरे मामले में बिहार विधान परिषद की शिक्षा समिति की अनुशंसा के बाद उच्च शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, विभाग के संयुक्त सचिव ने राज्यपाल सचिवालय को पत्र लिखकर दोनों विश्वविद्यालयों से जुड़ी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। साथ ही पूरे मामले की निगरानी विभाग से जांच कराने की मांग की गई थी। इसके बाद राज्यपाल सह कुलाधिपति के निर्देश पर निगरानी विभाग को आधिकारिक पत्र भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। अब निगरानी विभाग शिकायतों और उनसे जुड़े तथ्यों की जांच करेगा।

किस विश्वविद्यालय में क्या हैं वित्तीय अनियमितता के आरोप?
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी के खिलाफ अयोग्य प्राचार्य को पद पर बनाए रखने, अनुदान की राशि के कथित गबन और प्रशासनिक अनियमितताओं को संरक्षण देने जैसी शिकायतें की गई हैं। वहीं, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय और विश्वविद्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पर टेंडर प्रक्रिया, निर्माण कार्यों और वित्तीय प्रबंधन में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इन सभी मामलों में जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल राज्यपाल सचिवालय की पहल के बाद दोनों विश्वविद्यालयों से जुड़ी शिकायतें निगरानी जांच के दायरे में आ गई हैं। अब सबकी नजर निगरानी विभाग की अगली कार्रवाई पर है।