logo

बिहार में 21 दिनों के अंदर फ्री बनेगा बर्थ सर्टिफिकेट, जानें आवेदन का तरीका और जरूरी दस्तावेज

बिहार में 21 दिनों के अंदर फ्री बनेगा बर्थ सर्टिफिकेट, जानें आवेदन का तरीका और जरूरी दस्तावेज

द फॉलोअप डेस्क:

Birth Certificate Online Apply: स्कूल (School) में दाखिले से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और कई जरूरी सरकारी कामों में जन्म प्रमाणपत्र (Birth Certificate) की आवश्यकता पड़ती है। इसलिए बच्चे के जन्म के बाद उसका रजिस्ट्रेशन कराना बेहद जरूरी है। बिहार में बच्चे के जन्म के 21 दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन कराने पर कोई विलंब शुल्क नहीं देना पड़ता है। अगर बच्चे का जन्म अस्पताल में हुआ है तो संबंधित अस्पताल की ओर से जन्म की सूचना रजिस्ट्रार को भेजी जाती है। अभिभावक अस्पताल से जन्म रिपोर्ट और डिस्चार्ज स्लिप लेकर रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। वहीं, घर पर जन्म होने की स्थिति में परिवार के मुखिया या जिम्मेदार व्यक्ति को संबंधित पंचायत, नगर निकाय या जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार के कार्यालय में इसकी सूचना देनी होगी। गैर-पंजीकृत अस्पताल में जन्म होने पर भी संबंधित क्षेत्र के रजिस्ट्रार से संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

जन्म प्रमाणपत्र के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?

जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं। अस्पताल में जन्म होने पर अस्पताल की जन्म रिपोर्ट, डिस्चार्ज स्लिप, माता-पिता का पहचान पत्र और पते का प्रमाण मांगा जा सकता है। इसके अलावा मोबाइल नंबर भी देना पड़ सकता है। वहीं, घर पर जन्म होने की स्थिति में माता-पिता का पहचान पत्र, निवास प्रमाण और निर्धारित प्रारूप में घोषणा पत्र की जरूरत हो सकती है। स्थानीय निकाय के अनुसार वार्ड सदस्य, आशा कार्यकर्ता या आंगनबाड़ी सेविका की सत्यापन रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है। ध्यान रखें कि दस्तावेजों की सूची अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ अलग हो सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार से इसकी जानकारी जरूर ले लें।

21 दिन बाद जन्म प्रमाणपत्र बनवाने पर कितना लगेगा शुल्क?

बिहार में तय समय सीमा के बाद जन्म का रजिस्ट्रेशन कराने पर विलंब शुल्क और अतिरिक्त औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं। बिहार सरकार के संशोधित प्रावधान के मुताबिक, 21 से 30 दिनों के बीच रजिस्ट्रेशन कराने पर 2 रुपये और 30 दिनों से एक साल के बीच आवेदन करने पर 5 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। एक साल से अधिक पुराने जन्म का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित है। हालांकि, इस स्थिति में संबंधित सक्षम अधिकारी या मजिस्ट्रेट का आदेश भी जरूरी होगा। एक साल से दो साल तक के मामले में डीएम, एसडीएम या अधिकृत कार्यपालक दंडाधिकारी का आदेश और दो साल से अधिक पुराने मामले में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी का आदेश आवश्यक है। ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में सरकारी कार्यालयों के चक्कर और अतिरिक्त कानूनी औपचारिकताओं से बचा जा सके।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsBirth Certificate Online ApplyBihar Birth Certificate Registration