logo

पलामू : आंगनबाड़ी जा रहे मासूम को स्कूल बस ने कुचला, दो दिनों में दूसरा सड़क हादसा

road_accident2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में एक बार फिर स्कूली बस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम मयानंद राम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मयानंद, जो रवीन्द्र राम का पुत्र था, रोज़ की तरह आंगनबाड़ी जाने के लिए घर से निकला था, तभी एक स्कूल बस की चपेट में आ गया। 
गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरटांड़ में इसी तरह का दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें एलकेजी के छात्र विनीत सिंह यादव की मौत हो गई थी। वह स्कूल बस से उतरने के बाद उसी बस की चपेट में आ गया था। लगातार दो दिनों में हुए इन हादसों ने जिले के अभिभावकों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग प्रशासन से स्कूली बसों के सुरक्षा मानकों की जांच और कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update palamu news palamu khabar palamu update road accident news