logo

शिव बारात रूट में बदलाव होने पर निशिकांत दुबे भड़के, हाईकोर्ट में दाखिल की याचिका

nishi2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः

देवघर में धारा 144 लागू करने और शिव बारात के रूट में बदलाव किये जाने पर विपक्ष में भारी रोष है। भाजपा के तमाम नेता हेमंत सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है। जिसमें उन्होंने कहा है कि यह शिव बारात निकालने की परंपरा देवघर में सालों से रही है इसके बाद भी देवघर एसडीओ ने उसी दिन धारा 144 लागू कर दी है। इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार जब तक यह साफ नहीं हो जाए कि उस क्षेत्र में शांति भंग होने की संभावना, तब तक 144 नहीं लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर यह आदेश लागू किया है। इसलिए इसे निरस्त किया जाए। याचिका में यह भी कहा गया है कि  जिला प्रशासन ने बिना आयोजन समिति के सहमति से ही रूट तय कर दिया है। 

यह भी पढ़ेः-  महाशिवरात्रि पर्व को धूमधाम, पारंपरिक तरीके से मनाना सुनिश्चित कराए राज्य सरकार- दीपक प्रकाश

 

जानबूझकर लिया है निर्णय

निशिकांत दूबे ने बताया है कि जिस मार्ग को जिला प्रशासन तय किय है उसका सड़क काफी संकरा है। इससे शिव बारात निकालने में परेशानी होगी। जब ऐसे सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाते हैं तो दूसरे मार्ग में बदलाव किया जाता है, जबकि जिला प्रशासन ने शिव बारात के मार्ग में ही बदलाव कर दिया है। जानबूझकर जिला प्रशासन ने ऐसा निर्णय लिया है। आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सांसद ने अदालत को इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है।

 

दीपक प्रकाश भी भड़के

इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश  ने कहा है कि गठबंधन की सरकार में अराजक तत्वों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है। यह हेमंत सरकार की तुष्टिकरण नीति का परिणाम है कि आए दिन प्रदेश में आराजक तत्वों के द्वारा राज्य के माहौल अमन चैन को खराब, अशांत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांकी में शिवरात्रि पर्व की तैयारी में अराजक तत्वों के द्वारा बाधा डालते हुए हिंसा फैलाने की कोशिश की गई जिसकी भाजपा कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि कहीं पांडू में दलितों की जमीन पर कब्जा करने वाले दबंगों की तो साजिश नहीं है? किसी को भी कानून को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। दीपक प्रकाश ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदुओं का महान पर्व है। शिव बारात की तैयारी में जुटे भक्तों पर हिंसक आक्रमण, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ करना किसी भी दृष्टि से क्षम्य नहीं है। शिवभक्त अपनी परंपरा के अनुसार वर्षों से ऐसी तैयारी करते हैं। जिसमें बाधा डालने की कोशिश अराजक तत्वों के द्वारा की जा रही है।