रांचीः
साइबर अपराधी हमेशा किसी न किसी का ट्विटर अकाउंट हैक करते रहे हैं। आपने खबरों में पढ़ा होगा कि कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो कभी कॉल इंडिया के ट्विट्टर हैंडल को हैक कर लिया गया। ऐसे साइबर अपराधियों के निशाने पर लगातार नामचीन लोगों के ट्विटर अकाउंट रहते हैं। इस बार साइबर अपराधियों ने भारतीय क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या को निशाना बनाया है।

रिपोर्ट के मुताबिक ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या का ट्विटर अकाउंट स्कैमर्स ने हैक कर लिया था। स्कैमर्स ने ट्विटर अकाउंट हैक करने के बाद कई सारे ट्वीट भी किये। गौरतलब है कि क्रुणाल फिलहाल टीम इंडिया से बाहर हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पिछले सीजन तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे। इस बार उन्हें मुंबई ने रिटेन नहीं किया है।

स्कैमर्स ने क्या ट्वीट किया
क्रुणाल पांड्या का अकाउंट हैक होने के बाद स्कैमर्स ने आज सुबह 7:31 बजे के आसपास पहला ट्वीट किया। सबसे पहले स्कैमर्स ने क्रुणाल के अकाउंट से एक पोस्ट को रीट्वीट किया। जिसमें लिखा था कि फॉलो करने के लिए धन्यवाद। इसके बाद से कई ट्वीट किए गए। माना जा रहा है कि किसी बिटकॉइन स्कैमर ने उनका अकाउंट हैक किया है।
