डेस्क:
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेटर ऋद्धिमान साहा को डराने-धमकाने वाले पत्रकार बोरिया मजूमदार पर 2 साल का बैन लगा दिया है। बीसीसीआई ने कहा है कि अब बोरिया को किसी स्टेडियम में जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही BCCI द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम में उनका आना प्रतिबंधित होगा। गौरतलब है कि बोरिया मजूमदार ने कुछ महीने पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान को इंटरव्यू के लिए धमकाया था।

साहा ने क्या आरोप लगाया था!
साहा ने आरोप लगाया था कि उन्हें इंटरव्यू न देने पर धमकाया गया था। साहा ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए ट्रवीट कर लिखा था कि, "भारतीय क्रिकेट में इतना योगदान देने के बाद भी मुझे एक तथाकथित रिस्पेक्टेड पत्रकार से ये सब झेलना पड़ रहा है। हमारे देश में पत्रकारिता कितने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है"। उस स्क्रीन शॉट में लिखा था, 'तुमने मुझे कॉल नहीं किया। मैं दोबारा कभी तुम्हारा इंटरव्यू नहीं करूंगा। मैं अपमान का घूंट आसानी से नहीं पीता। मैं इस चीज को हमेशा याद रखूंगा।'

तीन सदस्यीय समिति का गठन
इस मामले की जांच के लिए बीसीसीआई द्वारा फरवरी में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के हफ्तों बाद यह घटनाक्रम सामने आया है, जहां साहा ने एक साक्षात्कार अनुरोध पर मजूमदार के धमकी भरे संदेशों का स्क्रीनशॉट पोस्ट करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया था। समिति में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल और शीर्ष परिषद सदस्य प्रभातेज सिंह भाटिया शामिल थे।