डेस्क:
लंबा इंतजार खत्म हुआ। क्रिकेट का महाकुंभ इंडियन प्रीमियर लीग शुरू होने जा रहा है। आईपीएल का 15वां सीजन नए रूप और रंग के साथ 26 मार्च से शुरू होगा। तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुकाबले मुंबई के 4 स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इस सीजन 8 की बजाय 10 टीमें टूर्नामेंट में भाग लेंगी, इसलिए रोमांच भी दस गुना होगा। क्रिकेट फैंस को इंतजार है 26 मार्च की शाम का, जब चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भिड़ेंगी। रोमांच चरम पर होगा।

इंडियन प्रीमियर लीग की घर वापसी
गौरतलब है कि इस सीजन आईपीएल की घर वापसी हो रही है। कोरोना महामारी की वजह से आईपीएल-2020 और 2021 का आयोजन यूएई में खेला गया था। हालांकि, आईपीएल-2020 का कुछ हिस्सा भारत में खेला गया था लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से इसे यूएई शिफ्ट किया गया। 2020 में मुंबई इंडियंस विजेता बनी तो वहीं 2021 में सीएसके ने चौथी बार खिताब जीता। बतौर कप्तान पिछला सीजन धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन था क्योंकि उन्होंने 15वें सीजन की शुरुआत से 2 दिन पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ने का एलान किया। जडेजा नये कप्तान होंगे।

इस सीजन 10 टीमों के साथ होगा आईपीएल
बता दें कि इस सीजन टूर्नामेंट में लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस के रूप में 2 नई टीमें जुड़ने वाली हैं। इस सीजन से पहले मेगा ऑक्शन भी हुआ। खिलाड़ियों की फेरबदल हुई है। कई टीमें तो बिलकुल नए सिरे से बनी है। पंजाब किंग्स ने तकरीबन नई टीम ही बनाई है। कई सुपरस्टार खिलाड़ी दूसरे खेमे में गये हैं। इनमें फाफ-डू प्लेसिस, शिखर धवन, शार्दुल ठाकुर, क्वांटन-डी कॉक और डेविड वॉर्नर जैसे कई खिलाड़ी हैं। देखना होगा कि वे नई टीमों में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

आईपीएल की टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया
इस बार के आईपीएल में टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। टीमों की संख्या अधिक होने के कारण 2 ग्रुप बनाए गए हैं जिसमें ग्रुप A और B है। ग्रुप ए में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स राजस्थान रॉयल्स दिल्ली कैपिटल और लखनऊ सुपर टाइटंस को रखा गया है और ग्रुप बी में चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस को रखा गया है।

सभी टीमों के कप्तानों का नाम भी जान लीजिए
आईपीएल-2022 में कई टीमों में कप्तान भी बदले हैं। नए कप्तानों की नियुक्ति हुई है। चौंकाने वाले फैसले लेने में माहिर धोनी ने सीजन की शुरुआत से 2 दिन पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ दी। रविंद्र जडेजा अब टीम के कप्तान होंगे। विराट कोहली ने पिछले सीजन ही बेंगलुरु की कप्तानी छोड़ने का एलान किया था। फॉफ डू प्लेसिस को नया कप्तान बनाया गया है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने युवा श्रेयस अय्यर पर बड़ी रकम खर्च की। कप्तान बनाया। पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल को कप्तानी सौंपी है।
गुजरात टाइटंस ने टीम इंडिया से बाहर चल रहे हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्ति किया वहीं लखनऊ सुपरजायंट्स ने केएल राहुल को कमान सौंपी है। दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को बरकरार रखा है। सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तान केन विलियम्सन ही करेंगे। तो तैयार हो जाइये।
