द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) फिर से कप्तान बन गये हैं। वह दोबारा ब्लू जर्सी में टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे। चौंकिए मत। मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने रोहित शर्मा को दोबारा अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के नए सीजन में टीम को लीड करेंगे। मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर वीडियो जारी करके रोहित शर्मा को कप्तान बनाने का ऐलान किया है। गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2023 को मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था। यह फैसला, टीम की अगुवाई युवा हाथों में सौंपने की दिशा में अहम कदम था। हालांकि, यह प्रयोग सफल नहीं रहा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 3 सीजन खेला और केवल एक में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकी।
Smile, everybody smile ???? #MumbaiIndians #CaptainRo https://t.co/YUqYZTQxu9
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 27, 2026
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 5 ट्रॉफियां जीतीं
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने खिताब के लिहाज से अपना सुनहरा दौर देखा। रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब दिलाया। अब रोहित दोबारा टीम के कप्तान बनाये गए हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को मुंबई इंडियंस ने बताया था कि वह शुक्रवार को 5 बजकर 45 मिनट पर बड़ा ऐलान करेगी। इसे तभी रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने के संकेत के रूप में देखा गया। इसे रोहित शर्मा के जर्सी नंबर 45 और उनके पांच आईपीएल खिताब के संकेत के रूप में समझा गया था। कई रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया है कि रोहित शर्मा कप्तानी से हटाए जाने से खुश नहीं थे। टीम में कई सीनियर खिलाड़ी भी, मसलन- जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव समेत अन्य खिलाड़ी भी हार्दिक पांड्या को बाहर से लाकर कप्तान बनाने से खुश नहीं थे। फैंस को भी यह फैसला रास नहीं आया था।

हार्दिक पांड्या वाला प्रयोग सफल नहीं रहा
हार्दिक पांड्या ने जब वर्ष 2024 में टीम की कमान संभाली तो तकरीबन सभी मुकाबलों में उन्हें स्टेडियम में टॉस से लेकर खेल के दौरान हूटिंग और वूइंग का सामना करना पड़ा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम को हार भी झेलनी पड़ी और प्रदर्शन का ग्राफ भी गिरा। 2026 में जब टीम आखिरी पायदान पर रही तो यह आशंका जताई जाने लगी थी कि हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस अलग हो सकते हैं। गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। हार्दिक पांड्या हालांकि, कप्तान के तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग में हमेशा नाकामयाब नहीं रहे। 2022 में बनी नई टीम गुजरात टाइटंस ने उन्हें पहला कप्तान नियुक्त किया था और पहले ही सीजन में टीम खिताब जीत गई। अगले सीजन में गुजरात टाइटंस उनकी ही कप्तानी में रनरअप रही थी।

कप्तान के तौर पर कारगर हैं रोहित शर्मा
रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर काफी सफल रहे हैं, चाहे वह राष्ट्रीय टीम हो या फ्रेंचाइजी लीग। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जीता और फिर 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया रनरअप रही। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम फाइनल से पहले एक भी मुकाबला नहीं हारी थी।