द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
वीमेंस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने लगातार दूसरा मुकाबला जीत लिया। भारतीय टीम ने नीदरलैंड को 95 रन के बड़े अंतर से हराया। महज 47 गेंदों पर 74 रन बनाने वाली स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। श्री-चरनी टीम इंडिया के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने 4 ओवर के अपने स्पैल में महज 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किया। 55 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाली शेफाली वर्मा ने 3 विकेट भी लिए। नंदिनी शर्मा को 2 तो वहीं दीप्ति शर्मा को 1 विकेट मिला।

स्मृति और शेफाली की शतकीय साझेदारी
गौरतलब है कि नीदरलैंड ने टॉस जीतकर भारतीय लड़कियों को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। भारतीय सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 115 रन की पार्टनरशिप करके नीदरलैंड की कप्तान बैबेट डी लीड का फैसला गलत साबित कर दिया। स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रन की पारी खेली तो वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। आखिरी ओवर में महज 8 गेंद पर 20 रन बनाकर ऋचा घोष ने टीम इंडिया के टारगेट को मजबूत आधार दिया। जेमिमा रोड्रिग्ज ने भी 13 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली।
नीदरलैंड के लिए कैरोलीन डी लैंग सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 4 ओवर के अपने स्पैल में 32 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया।

महज 114 रन पर सिमटी नीदरलैंड की टीम
नीदरलैंड को 210 रन का विशाल टार्गेट मिला था और उनकी सलामी जोड़ी हीदर सीगर्स और फीबे मोल्केनबोअर के पहले विकेट के लिए 34 रन का पार्टनरशिप के अलावा पूरे मैच में उनकी बल्लेबाजी लय में नजर नहीं आई और पूरी टीम महज 114 रन जोड़कर ऑलआउट हो गई। कप्तान बैबेट डी लीड ने सर्वाधिक 28 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में नीदरलैंड पर पूरी तरह से डॉमिनेट किया।