logo

सिमडेगा में भीड़ की 'तालिबानी' सजा, चोरी का आरोप लगाकर 2 महिलाओं का काटा बाल

12492news.jpg

द फॉलोअप टीम, सिमडेगा:

सिमडेगा जिला में भीड़ ने 2 महिलाओं को तालिबानी सजा दी। महिलाएं रोती-बिलखती रहीं लेकिन भीड़ पर तो सनक सवार था। महिलाओं का गुनाह क्या था, कुछ नहीं। भीड़ को केवल शक था कि उन्होंने चोरी की होगी। केवल संदेह के आधार पर भीड़ ने न्याय का फैसला कर लिया। जबरन महिलाओं का बाल काट दिया गया। महिलाओं की चीख और गुहार का संवेदनहीन भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ। मामला सिमडेगा जिला के बानाबीरा गांव का है। 

जब महिलाएं बनी महिलाओं की दुश्मन
मिली जानकारी के मुताबिक बानाबीरा गांव में शनिवार की शाम अजीबो-गरीब मामला देखने को मिला। यहां महिलाएं ही महिलाओं की दुश्मन बनती दिखी। 2 महिलाओं का भरे बाजार में बाल काटा गया। महिलाएं रोती-बिलखती रहीं लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। पीड़ित महिलाएं छत्तीसगढ़ की हैं। दरअसल छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर ही सिमडेगा है। छत्तीसगढ़ के लोगों का सिमडेगा आना-जाना लगा रहता है। इसी क्रम में बानाबीरा बाजार में छत्तीसगढ़ से 3 महिलाएं खरीदारी करने पहुंची थीं। इन महिलाओं पर चोरी का आरोप लगा था। भीड़ ने 'न्याय' कर दिया।

 

महिलाओं पर पर्स चुराने का लगा आरोप
बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं होटल में खाना खा रहीं थी तभी छत्तीसगढ़ से आईं महिलाओं में से एक ने पर्स चोरी करने का प्रयास किया। चोरी करते हुए उसे पकड़ लिया गया। 3 में से 1 महिला भाग निकली। 2 महिलाओं को पकड़ लिया गया। इसके बाद वहां भीड़ जुटी। चोरी का आरोप लगाने वाली महिलाओं ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं की चप्पल से पिटाई शुरू कर दी और उनके बाल काट दिए। कुछ पुरुषों ने भी उनका साथ दिया। घटना की सूचना के बाद SP डॉ शम्स तबरेज ने कहा जिसने गलत किया है, उस पर कार्रवाई होगी। फिलहाल आरोपी महिलाएं पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

आरोपी महिलाएं किसी तरह भागीं
फिलहाल आरोपी महिलाएं फरार हैं। घटनास्थल पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस दोनों पीड़ित महिलाओं को थाने ले गई। यहां अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।  वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।