द फॉलोअप टीम, रांची:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज मन की बात (Mann ki Baat) रेडियो कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में 100 वैक्सीन का जिक्र किया। कहा कि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। ये हमारी एकता की पहचान है। इससे देश नए उत्साह, नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा है। युद्ध स्तर पर वैक्सीनेशन कार्यक्रम भारत के सामर्थ्य को दर्शाता है, सबके प्रयास के मंत्र की शक्ति को दिखाती है।
हमारे स्वास्थ्य-कर्मियों ने नई मिसाल पेश की है। आज का मन की बात कार्यक्रम इसलिए भी ख़ास था क्योंकि उन्होंने झारखंड के धरती आबा भगवन बिरसा मुंडा का जिक्र किया।
बिरसा मुंडा का किया जिक्र
पीएम ने कहा "इस समय हम अमृत महोत्सव में देश के वीर बेटे-बेटियों को को याद कर रहे हैं। अगले महीने, 15 नवंबर को हमारे देश के ऐसे ही महापुरुष, वीर योद्धा, भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म-जयंती आने वाली है। बिरसा मुंडा ने आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजों की जड़ें हिलाकर रख दी। वे प्रकृति प्रेमी थे। हमें उनसे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। ब्रिटिश हुकूमत बिरसा मुंडा से डरने लगी थी। वे अंदोलन करके अपने क्षेत्र को बचा रहे थे। उन्हें धरती आबा भी कहा जाता है। उन्होंने अपने धरती के लिए जल जंगल और जमीन की लड़ाई की। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाकर रख दी थी। उन्हें जेल में बंद कर दिया गया और मात्र 25 साल की उम्र में उनका देहांत हो गया।
सरदार पटेल जी की जयंती
पीएम मोदी ने कहा कि 31 अक्तूबर को सरदार पटेल जी की जयंती है। इस दिन को हम ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाते हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम एकता का संदेश देने वाली किसी-ना-किसी गतिविधि से जरुर जुड़ें। मैं लौहपुरुष को नमन करता हूं। सरदार साहब कहते थे कि “हम अपने एकजुट उद्यम से ही देश को नई महान ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। अगर हममें एकता नहीं हुई तो हम खुद को नई-नई विपदाओं में फंसा देंगे। देश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने हाल ही में सरदार साहब पर एक सचित्र जीवनी भी पब्लिश की है। मैं चाहूंगा कि हमारे सभी युवा-साथी इसे जरुर पढ़ें। इससे आपको दिलचस्प अंदाज में सरदार साहब के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
अटल जी को किया याद
प्रधानमंत्री ने आज अटल बिहारी बाजपेयी को भी याद किया है। उन्होंने कहा कि अटल जी की बातें हमें आज भी दिशा दिखाती हैं। इस धरती को एक बेहतर और सुरक्षित ग्रह बनाने में भारत का योगदान, विश्व भर के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। सयुंक्त राष्ट्र के बारे में बात करते हुए आज मुझे अटल जी के शब्द भी याद आ रहे हैं। 1977 में उन्होंने सयुंक्त राष्ट्र को हिंदी में संबोधित कर इतिहास रच दिया था।
नई ड्रोन नीति की चर्चा
प्रधानमंत्री ने नई ड्रोन नीति की भी चर्चा की। कहा कि हमारे देश में आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ड्रोन प्रौद्योगिकी का विषय हमारे युवाओं की कल्पनाओं में छाया हुआ है। भारत, दुनिया के उन पहले देशों में से है, जो ड्रोन की मदद से अपने गांव में जमीन के डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रहा है। पहले इस सेक्टर में इतने नियम, कानून और प्रतिबंध थे कि ड्रोन की असली क्षमता का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था। हमने तय किया कि इस माइंडसेट को बदला जाए और नए ट्रेंड को अपनाया जाए। इसीलिए इस साल 25 अगस्त को देश एक नई ड्रोन नीति लेकर आया.
त्योहार का जिक्र
पीएम मोदी ने आने वाले त्योहारों की भी चर्चा की। उन्होंने वोकल फॉर लोकल का नारा दिया। कहा कि हम सब अपनी घर की साफ़ सफाई में जुटे हैं लेकिन हमें ध्यान रखना है कि हमारा आस-पड़ोस भी साफ़ रहे। आप लोकल खरीदेंगे तो आपका त्योहार भी रोशन होगा और किसी गरीब भाई-बहन, किसी कारीगर, किसी बुनकर के घर में भी रोशनी आएगी। कुछ दिन बाद दिवाली आ रही है, फिर गोवर्धन पूजा, फिर भाई-दूज, ये तीन त्योहार तो होंगे ही, इसी दौरान छठ पूजा भी होगी। नवम्बर में गुरुनानक देव जी की जयंती भी है। आप सब भी खरीदारी का प्लान कर रहे होंगे। ऐसे में इन बातों का ध्यान रखें.