द फॉलोअप टीम, रांची:
बिरसा जैविक उद्यान में बाघ शिवा की मौत से हड़कंप मच गया। शिवा ने गुरुवार की रात तकरीबन साढ़े 10 बजे अंतिम सांस ली। द फॉलोअप ने इस घटना को लेकर बिरसा जैविक उद्यान के पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश साहू से बातचीत की। उन्होंने शिवा की मौत और उसकी बीमारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिवा बीते तीन दिन से बीमार था।
विगत तीन दिन से बीमार था शिवा
डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि बाघ शिवा को बीते तीन दिन से बुखार था। उसे एंटीबॉयोटिक सहित कई अन्य दवाइयां दी गई। हल्का खाना दिया जा रहा था। तीसरे दिन तक उसका बुखार काफी कम हो गया था लेकिन शुक्रवार को अचानक शिवा ने खाना-पीना छोड़ दिया। वो काफी सुस्त पड़ गया था। आनन-फानन में डॉ. प्रवीण सहित टाटा जैविक उद्यान से एक अन्य पशु चिकित्सक को बुलाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। उसे दवाइयां दी गयी। थैरेपी दी गयी। डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि शिवा को पशु चिकित्सक डॉ. एमके गुप्ता को दिखाया गया। वहां जांच में पता चला कि शिवा की किडनी और उसका लीवर ठीक से काम नहीं कर रहा। शायद यही वजह थी की गुरुवार की शाम तक शिवा ने खाना पीना छोड़ दिया।
गुरुवार को छोड़ दिया था खाना-पीना
बिरसा जैविक उद्यान के पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि शिवा ने गुरुवार की सुबह थोड़ा सा सूप पिया था, इसके बाद से उसने खाना-पीना छोड़ दिया। डॉक्टरों की टीम ने अपना पूरा प्रयास किया लेकिन गुरुवार की रात तकरीबन साढ़े 10 बजे शिवा ने दम तोड़ दिया। फिलहाल उसका पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। द फॉलोअप ने पूछा कि क्या शिवा में कोरोना जैसे लक्षण भी थे। इसके जवाब में डॉ. ओमप्रकाश साहू ने कहा कि उसमें कोरोना जैसे लक्षण नहीं थे। उसे खांसी भी नहीं थी। हालांकि एहतियातन उसका नेजल स्वाब कोरोना जांच के लिए इज्जतनगर बरेली भेज दिया गया है।
14 साल का था जैविक उद्यान का बाघ
डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि शिवा 14 साल का था। उसका जन्म हैदराबाद स्थित बनारघट्टा नेशनल पार्क, हैदराबाद में हुआ था। शिवा 3 साल का था जब उसे रांची लाया गया था। उन्होंने बताया कि बाघों की औसत उम्र तो वैसे 18 साल होती है लेकिन सही देखभाल औरर खानपान के जरिए उम्र में इजाफा हो जाता है। उन्होंने बताया कि अभी शिवा का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। बिरसा जैविक उद्यान परिसर में ही बाघ शिवा का अंतिम संस्कार किया जायेगा।
शिवा को मिलाकर कुल 10 बाघ थे
मिली जानकारी के मुताबिक बिरसा जैविक उद्यान में शिवा को मिलाकर कुल 10 बाघ थे। शिवा के अलावा वहां अब बाघिन लक्ष्मी, सरस्वती, अनुष्का और गौरी है। एक बाघ मलिक भी वहां रहता है। तीन शावक भी हैं। बता दें कि इनमें से बाघिन अनुष्का विगत वर्ष काफी सुर्खियों में रही थी। अनुष्का ने उस वक्त एक शख्स को मार डाला था जब वो उसके बाड़े में कूद गया था। उस घटना ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।