logo

द फॉलोअप की रिपोर्ट का असर: माता-पिता को खोने वाले अंशु की पढ़ाई नहीं होगी बाधित, जल्द मिलेगी छात्रवृत्ति

8856news.jpg
द फॉलोअप टीम, जामताड़ा: 
जामताड़ा के अंशु राज को जिला प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएगा। कोरोना की वजह से माता-पिता को खोने वाले अंशु राज की शिक्षा बाधित नहीं होगी। द फॉलोअप की रिपोर्ट का असर हुआ और मंत्री चंपई सोरेन ने सबसे पहले मामले में संज्ञान लिया। चंपई सोरेन ने जामताड़ा के उपायुक्त को अंशु राज की हरसंभव सहायता करने का निर्देश दिया था। जामताड़ा उपायुक्त ने भी बताया कि अंशु का नाम स्कॉलरशिप योजना के लिए भेजा गया है। अविलंब उसे छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 



द फॉलोअप की रिपोर्ट पर मंत्री चंपई सोरेन का संज्ञान
गौरतलब है कि द फॉलोअप ने रिपोर्ट दिखाई थी कि कैसे अंशु राज ने महज 4 दिन के अंदर कोरोना की वजह से अपने माता-पिता को खो दिया। उसे अपने भविष्य की चिंता सता रही थी। पढ़ाई बाधित होने की आशंका थी। द फॉलोअप ने ये भी बताया था कि गत वर्ष आईसीएससी बोर्ड की परीक्षा में पूरे जामताड़ा जिले में अव्वल आने वाले अंशु राज की पढ़ाई बाधित होना कितना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। इस रिपोर्ट पर मंत्री चंपई सोरेन ने संज्ञान लिया। उन्होंने जामताड़ा उपायुक्त को निर्देश दिया कि "कृपया अंशु की शिक्षा जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करें। सरकारी प्रावधानों के तहत बच्चे को यथासंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाये। इस पर उपायुक्त ने संज्ञान लिया। 

मंत्री चंपई सोरेन ने जामताड़ा उपायुक्त को दिया निर्देश
जामताड़ा के उपायुक्त ने मंत्री चंपई सोरेन के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि, अंशु की डिटेल्स स्कॉलरशिप स्कीम के लिए भेज दी गई है। उसकी छात्रवृत्ति अविलंब शुरू कर दी जाएगी। स्कूल से भी कहा गया है कि अंशु से कोई फीस ना ली जाए। स्कूल भी इस बात के लिए तैयार हो गया है। उपायुक्त ने आगे लिखा कि हमने लोकल चैंबर्स से भी गुजारिश की है कि अंशु की यथासंभव सहायता की जाए। 



जामताड़ा के अंशु राज से कोरोना ने छीना माता-पिता
जामताड़ा से हैरान करने वाली खबर सामने आई थी। यहां कोरोना संक्रमण की वजह से दंपत्ति की मौत हो गई थी। घटना जामताड़ा के विद्यासागर की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीते 29 अप्रैल को मनोरंजन दास का निधन कोरोना से हो गया। 1 मई को इनकी पत्नी चंद्रा देवी का भी निधन कोरोना से हो गया। अब इनका बेटा अंशु राज अकेला रह गया है। उसे भविष्य की चिंता सता रहा है। 

अंशु ने 2020 के आईसीएससी बोर्ड में जिला टॉप किया था
विद्यासागर निवासी दिवंगत मनोरंजन दास और चंद्रा देवी के बेटे अंशु राज ने 2020 आईसीएससी बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया था। आगे की पढ़ाई के लिए अंशु राज ने डीएवी पब्लिक स्कूल में नामांकन करवाया था। अब माता-पिता के निधन से अंशु राज अकेला रह गया है। अभिभावक नहीं होने की वजह से अंशु को भविष्य की चिंता सताने लगी है। वो परेशान है कि आगे की पढ़ाई कैसे होगी। 

जामताड़ा जिला प्रशासन ने दिया था सहायता का भरोसा
इस बीच मिली जानकारी के मुताबिक अंशु राज ने सीडब्ल्यूसी को चिट्ठी लिखकर मदद की गुहार लगाई है। अंशु राज ने सीडब्ल्यूसी से सहयोग मांगा है ताकि आगे की पढ़ाई जारी रख सके। अंशु ने सरकार और जिला प्रशासन से भी पढ़ाई में सहयोग की मांग की। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अंशु राज की पढ़ाई में पूरा सहयोग किया जाएगा। तमाम जरूरतें पूरी की जाएंगी।