logo

दिल्ली में लॉकडाउन की घोषणा होते ही शराब की दुकानों में जुटी भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां

7545news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

राजधानी दिल्ली में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गयी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की। लॉकडाउन सोमवार रात 10 बजे से शुरू होगा। दिल्ली में 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रह रहे प्रवासी श्रमिकों से अपील की है कि वे दिल्ली छोड़कर ना जाएं। उन्होंने कहा कि ये केवल 6 दिन का छोटा सा लॉकडाउन है। 

शराब की दुकान के बाहर जुटी भीड़
दिल्ली में सोमवार रात से लॉकडाउन लगाए जाने की घोषणा होते ही सैकड़ों की भीड़ शराब दुकानों के बाहर इकट्ठा हो गई। दिल्ली के खान मार्केट स्थित एक शराब की दुकान में लोगों की लंबी कतार लग गई। भारी भीड़ की वजह से यहां सोशल डिस्टेंसिंग के तमाम नियम टूटे। लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। यही नजारा गोल मार्केट एरिया में भी दिखा। यहां भी शराब खरीदने के लिए लोगों की लंबी कतार लग गयी। कोरोना के खतरे के बीच लोगों का इस तरह इकट्ठा होना काफी हैरान करने वाला है। 

दिल्ली में लगाया संपूर्ण लॉकडाउन
दिल्ली में लॉकडाउन लगा दिया गया है। हालांकि, किसी के यहां शादी है तो उन्हें इसकी अनुमति मिलेगी। सरकार ने कहा है कि 50 व्यक्तियों की मौजूदगी में विवाह समारोह को अनुमति दी जायेगी। हालांकि, शादी में शामिल होने वाले लोगों के हाथ में शादी के कार्ड की सॉफ्ट या हार्ड कॉपी होना जरूरी होगा। यही नहीं, अंतिम संस्कार के लिए भी लोग जा सकते हैं। इसके लिए केवल 20 लोगों को इजाजत मिलेगी। 

वैध टिकट के साथ यात्रा की इजाजत
दिल्ली सरकार ने कहा है कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी से आने-जाने वाले लोगों को यात्रा करने की इजाजत दी जायेगी बशर्ते उनके पास वैलिड टिकट हो। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अलग-अलग देशों के राजनयिकों, अधिकारियों और किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को वैलिड पहचान पत्र के साथ यात्रा करने की इजाजत दी जायेगी।