द फॉलोअप टीम, मुजफ्फरपुर
बिहार के एक नवोदित कलाकार की मुंबई में संदेहास्पद मौत हो गई है। मृतक कलाकार का नाम अक्षत उत्कर्ष है, जो मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में कार्यरत थे। वह मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर के रहनेवाले थे। मृतक के परिजनों ने अक्षत उत्कर्ष की हत्या का आरोप लगाया है।
अक्षत का शव पटना पहुंचा
मृतक के मामा रंजीत सिंह ने बताया है कि रविवार की रात 9 बजे अक्षत की पिता से बात हुई थी, लेकिन इसके बाद देर रात उसकी मौत की खबर मिली। इसके साथ ही अक्षत के मामा ने मुंबई पुलिस पर भी सहयोग न करने का आरोप लगाया है। अक्षत मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर के रहने वाले थे और विजयंत चौधरी उर्फ राजू चौधरी के पुत्र थे। उनका शव मुंबई से कुछ देर पहले ही पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा है।
मुंबई पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप
अक्षत के परिजनों का आरोप है कि मुंबई पुलिस ने इस मामले में किसी तरह का सहयोग नहीं किया है। साथ ही प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।