द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand News: झारखंड पुलिस को जल्द ही पांच नए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी मिलने जा रहे हैं। राज्य पुलिस सेवा के डीएसपी रैंक के पांच अधिकारियों का आईपीएस में प्रमोशन तय हो गया है। नई दिल्ली में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की चयन समिति की बैठक में इन अधिकारियों के प्रमोशन पर सहमति बन गई है। हालांकि, अभी तक प्रमोशन पाने वाले पांच अधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

12 अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे गए थे
जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 12 वरिष्ठ डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नाम प्रमोशन के लिए यूपीएससी को भेजे थे। इनमें शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की और हीरालाल रवि शामिल थे।
13 नवंबर को हुई थी चयन समिति की बैठक
नई दिल्ली स्थित यूपीएससी कार्यालय में 13 नवंबर को प्रोन्नति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी भी दिल्ली पहुंचे थे। चयन समिति ने सभी 12 अधिकारियों की पिछले 10 वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) और अन्य संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से समीक्षा की। इसके बाद पांच अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति के योग्य पाया गया और उनके प्रमोशन पर सहमति बनी।
प्रमोशन के बाद झारखंड में होंगे 150 IPS अधिकारी
झारखंड कैडर में फिलहाल कुल 145 आईपीएस अधिकारी हैं। इनमें 42 अधिकारी राज्य पुलिस सेवा से प्रमोशन पाकर आईपीएस संवर्ग में शामिल हुए हैं। पांच नए अधिकारियों के शामिल होने के बाद राज्य में आईपीएस अधिकारियों की कुल संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। राज्य में आईपीएस अधिकारियों के कुल 158 स्वीकृत पद हैं। ऐसे में पांच अधिकारियों के प्रमोशन के बाद भी आठ पद खाली रह जाएंगे। हालांकि, आने वाले समय में कुछ अधिकारियों के रिटायर होने के कारण रिक्त पदों की संख्या में बदलाव हो सकता है।