logo

कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने सौतेले पिता ने बेटी के साथ किया दुष्कर्म, पुलिस कर रही तलाश

9714news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक सौतेले पिता पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने दशम फॉल ले कर गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। तुपुदाना थानेदार कन्हैया कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम को गुमला भी भेजा गया है। लड़की की मां जैप में पदस्थापित है। लड़की का मेडिकल भी कराया गया है। 

लड़की ने जाने से मना किया, लेकिन नहीं माना पिता 
बताया जा रहा है कि लड़की अपने नानी के साथ रह रही थी। उसका सौतेला पिता वहां गया और कहा कि चलो कोल्ड ड्रिंक पीने। इसके बाद वह लड़की को नामकुम रोड ले गया। लड़की ने जब जाने से इनकार किया तो आरोपी ने कहा कि आगे कुछ काम है काम करने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीकर घर चलेंगे। वहां से आरोपी लड़की को दशम फॉल लेकर गया और वहां घटना को अंजाम दिया। बाद में उसे वापस नानी के घर छोड़कर आ गया। 

जान से मारने की धमकी भी दी 
आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। घर आकर बच्ची ने नानी को घटना की जानकारी दी। नानी ने तुपुदाना ओपी में मामला दर्ज करवाया। बच्ची की मां जैप में तैनात है, जबकि उसके पहले पिता दिल्ली पुलिस में हैं। लड़की दो महीने पहले ही दिल्ली से लौटी है। बच्ची जब डेढ़ साल की थी तब उसके माता पिता का तलाक हो गया था।