logo

बालूमाथ थाना से फरार हुये नक्सली कृष्णा के सात सहयोगियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

बालूमाथ थाना से फरार हुये नक्सली कृष्णा के सात सहयोगियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

नक्सलियों के खिलाफ अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के सात मेंबर्स को गिरफ्तार किया है। पलामू रेंज के डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने इस संबंध में एक प्रेसवार्ता भी बुलाई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा थानाक्षेत्र के बेलगड़ा जंगल में पीएलएफआई के तकरीबन 10 से 12 की संख्या में अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। 

चंदवा पुलिस और झारखंड जगुआर का संयुक्त अभियान
सूचना के मुताबिक चंदवा पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरा। तलाशी अभियान में सात नक्सलियों को गिरफ्तार कर पाने में कामयाबी मिली। डीआईजी लकड़ा ने बताया कि गिरफ्तार सभी नक्सली बालूमाथ थाना से फरार हुए पीएलएफआई नक्सली कृष्णा यादव के सहयोगी हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली चंदवा और चान्हो थाना के कई उग्रवादी कांडों के वांछित हैं। मौके पर लातेहार के एसपी प्रशांत आनंद, एएसपी विपुल पांडेय सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद हैं। चलिये ये भी जान लीजिये कि कौन से नक्सली गिरफ्तार हुये हैं। 

इन सात नक्सलियों को पुलिस ने किया है गिरफ्तार
गिरफ्तार नक्सलियों में रामजीत उरांव, संतोष उरांव, बिरसा उरांव, छोटन महली, परमेश्वर उरांव, बालक राम उर्फ दिलीप राम और मंजन मुंडा शामिल है। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से पुलिस ने 2 देशी राइफळ, 8 जिंदा कारतूस, 11 मोबाइल फोन बरामद किया है।