logo

कोरोना से सीनियर आईपीएस विनोद कुमार की मौत, पटना एम्स में ली आखिरी सांस

1816news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 
चुनावी सरगर्मी के बीच कोरोना के कहर से बिहार बुरी तरह से घिरा हुआ है। कोरोना के कारण मंत्री से लेकर संतरी तक इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसी क्रम में बिहार के सीनियर आईपीएस अधिकारी की कोरोना वायरस की चपेट में आने से मौत हो गई। पटना एम्स में शनिवार की देर रात उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। पूर्णिया रेंज में आईजी पद पर तैनात आईपीएस विनोद कुमार ने अपनी सेवा दी। 

16 अक्टूबर को कोरोना पॉजिटिव थी रिपोर्ट 
आईपीएस विनोद कुमार की रिपोर्ट 16 अक्टूबर को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। लेकिन यहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और शनिवार की रात 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि बिहार सरकार ने 2019 में 13 अगस्त को ही विनोद कुमार को पूर्णिया के आईजी के पद पर तैनात किया था। बता दें कि 2011 में उन्हें आईपीएस बनाया गया था। विनोद कुमार 2001 बैच के लिए आईपीएस का ग्रेड मिला था।  

करीब 2 लाख लोग कोरोना के शिकार
बिहार में एक तरफ चुनाव का माहौल है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना ने पहले से ही सूबे में अपना खौफ फैला रखा है।  राज्य में आम लोगों के हालात बदतर होते गए हैं। कोरोना वायरस की चपेट में अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग आ चुके हैं। इनमें करीब 991 से ज्यादा लोगों ने अपनी जानें भी गवा चुके हैं। इसमें राहत की बात ये है कि सूबे के कुल 2 लाख से ज्यादा मरीजों में से 1 लाख 91 हजार से ज्यादा  मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल राज्य में एक्टिव केस की तादाद करीब 10 हजार के करीब है।