logo

रांची: रिटायर्ड वन कर्मी ने वन विभाग पर लगाया पैसे गबन का आरोप, हाईकोर्ट से की जांच की मांग 

12694news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड राज्य अवर वन सेवा संघ के अध्यक्ष ने वन विभाग पर अनियमितता और सरकारी राशि के गबन का आरोप लगाया है। उन्होंने इसके लिए झारखंड हाई कोर्ट से जांच का आदेश देने की मांग की है। याचिकाकर्ता कामेश्वर प्रसाद ने कहा है कि वन विभाग ने 72वां वन महोत्सव पर गेतलसूद डैम के किनारे लाखों रुपए खर्च कर वृक्षारोपण किया। वो कुछ ही दिन में जलमग्न हो गया।  बता दें कि इस महोत्सव में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंच सोरेन, स्थानीय विधायक राजेश कच्छप सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। 

सरकारी खजाने की राशि का बंटरबांट किया
कामेश्वर प्रसाद ने एक और मामला याद कराते हुए याचिका में बताया है कि 70वें वन महोत्सव कार्यक्रम में स्वर्णरेखा नदी तट पर कंटीले तार घेराव के साथ 8 किलोमीटर क्षेत्र में 48000 पौधे लगाने थे लेकिन वहां 22000 पौधे ही लगाए गए। उनका आरोप है कि वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरीय पदाधिकारियों की मिली-भगत से सरकारी राशि का बंदरबांट किया गया है।  71 वां वन महोत्सव कार्यक्रम नदी तट प्लांटेशन में भी घोटाला हुआ। 

वरीय पदाधिकारियों ने भी नहीं दिया ध्यान
कामेश्वर प्रसाद के अनुसार उन्होंने विभाग के वरीय पदाधिकारियों से इसकी शिकायत कई बार की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिख कर कोशिश की थी कि उनको इस घोटाले से अवगत कराया जाए लेकिन वहां से भी कोई आस नहीं मिली तो उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट की तरफ रुख किया। उन्होंने पिछले 10 सालों के दौरान वन विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का ऑडिट कराने की भी मांग की है। आरोप काफी गंभीर हैं। 

याचिकाकर्ता ने कोर्ट में कई साक्ष्य पेश किए
याचिकाकर्ता कामेश्वर प्रसाद ने अनियमितताओं से संबंधित कई साक्ष्य कोर्ट के पास प्रस्तुत किए हैं। इसमें मुख्य रूप से वृक्षारोपण, सड़क किनारे पौधारोपण, स्वर्णरेखा नदी तट पौधारोपण, कंटूर ट्रेंच, गैबियन प्लांटेशन, आग पर नियंत्रण, हाथी से सुरक्षा, फायर लाइन, फर्जी बिल वाउचर सरकारी मद की अवैध निकासी इत्यादि के पैसे का गबन करने का आरोप लगाया है एवं जांच की मांग की है। हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल करने वाले कामेश्वर प्रसाद वन विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी एवं झारखंड राज्य अवर वन सेवा संघ के अध्यक्ष हैं।