logo

ट्रेन में अकेली सफर करने वाली महिलाओं को मिलेगी स्पेशल सिक्योरिटी, जानें कैसे?

5518news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
रांची रेल मंडल लेडी पैसेंजर फेसिलेशन सेल की शुरुआत करने जा रहा है। महिला सुरक्षा के दृष्टिकोण से ऐसा किया जा रहा है। इस सेल के शुरुआत होने से महिलायें खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर पायेंगी। रेलवे सुरक्षा बल के मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय ने इसका प्रस्ताव रेल मुख्यालय भेजा है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी सेल अपना काम शुरू कर देगा। 

ये सारी प्रक्रिया क्या है। इसके होने से महिलायें रेल यात्रा के दौरान खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी, चलिए इस खबर में जानते हैं। 

लेडी पैसेंजर फेसिलेशन सेल की शुरुआत
जानकारी के मुताबिक इस सेल को ऑपरेट करने के लिए आइआइटी खड़गपुर ने एक मोबाइल एप बनाया है। रेलवे पुलिस बल और आइआइटी खड़गपुर के बीच एक एमओयू किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस एप के जरिये लेडी पैसेंजर फेसिलेशन सेल को जानकारी मिल जायेगी कि किस ट्रेन में महिला अकेली यात्रा कर रही है। 

सेल महिला को बताये बिना उसकी सुरक्षा के लिए महिला या पुरुष जवान की तैनाती करेगा। फेसिलेशन सेल को स्टेशन पर पेट्रोलिंग करने के लिए बैटरी-चालित दोपहिया वाहन दिया जाएगा। 

ये भी पढ़ें....

आरपीएफ की 20 महिला जवानों की तैनाती
रांची रेल मंडल के आरपीएफ अधिकारी द्वारा दिए गये बयान के मुताबिक सेल में आरपीएफ की 20 महिला जवानों की तैनाती की जाएगी। जरूरत के मुताबिक पुरुष जवानों की भी ड्यूटी लगाई जायेगी। इस सेल को बनाने और संचालित कनरे में निर्भया फंड से 1 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। 
रांची, हटिया और मुरी रेलवे स्टेशन में ये सेल काम की शुरुआत करेगा। उम्मीद है कि इससे ट्रेन में सफर कर रही महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।