logo

पलामू में ACB की कारवाई, 10 हजार रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार

पलामू में ACB की कारवाई, 10 हजार रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार

पलामू: 
Plamu News:
पलामू में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने होमगार्ड कार्यालय के एक मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर के रूप में हुई है। वह पलामू जिला स्थित होमगार्ड कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत है। एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने डिप्टी के लिए ड्यूटी की कमान लेने होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। वहां अधिकारी से मुलाकात करने पर उसे मुंशी के पास भेजा गया। इसके बाद वह मुंशी सकेंद्र और तुलसी से मिला। दोनों ने उससे कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि यह साहब का आदेश है। अगर पैसे नहीं देना चाहते हैं तो साहब से बात कर सकते हैं।

चार महीने में 1.20 लाख मिलने का हवाला देकर मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने जब दोबारा अधिकारी से मुलाकात की तो उन्होंने भी 10 हजार रुपये देने को लेकर सवाल उठाया। अधिकारी ने कहा कि चार महीने में 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, ऐसे में 10 हजार रुपये देने में क्या परेशानी है। इस तरह ड्यूटी की कमान देने के एवज में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था। इसलिए उसने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में लिखित आवेदन देकर इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच और आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर की ओर से ड्यूटी की कमान देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद शिकायतकर्ता के आवेदन और सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी ने मामला दर्ज किया।

दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में हुई गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद एसीबी पलामू की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की। इसी दौरान होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।