बोकारो:
Bokaro News: झारखंड के बोकारो (Bokaro) जिले में कोयले का ढेर अचानक धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत (3 Women Dead) हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल (4 Injured) हो गए। घटना गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी (Kathara Colliery) के नंबर-5 स्टॉकयार्ड (Stockyard) में हुई।
जानकारी के अनुसार, स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट कोयले (Reject Coal) का भंडार था। स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए वहां से कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का ढेर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में छह महिलाएं और एक पुरुष दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सभी लोगों को कोयले के मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल (CCL Hospital) पहुंचाया गया। अस्पताल में तीन महिलाओं की मौत होने की सूचना है।

मृतकों में दो महिलाओं की पहचान
मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है। तीसरी मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की निवासी बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जाएगी। स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। घायलों की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।