logo

रांची लाए गए यौन शोषण के आरोपी सुनील तिवारी, 16 सितंबर को कोर्ट में किया जाएगा पेश

रांची लाए गए यौन शोषण के आरोपी सुनील तिवारी, 16 सितंबर को कोर्ट में किया जाएगा पेश

द फॉलोअप टीम, रांची:

यौन शोषण के आरोपी सुनील तिवारी को मंगलवार को रांची लाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के राजनीतिक सलाहकार रहे सुनील तिवारी को लेकर  रांची पुलिस लखनऊ से रांची पहुंची। 16 सितंबर को सुनील तिवारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।  रांची पुलिस के ट्रांजिट रिमांड की अपील पर इटावा CJM कोर्ट ने यह आदेश दिया है। कोर्ट ने ये भी निर्देश दिया हैं कि सुनील तिवारी को उसकी स्वास्थ्य जांच व इलाज के लिए भर्ती किया जाए। बता दें कि रांची पुलिस की स्पेशल टीम ने उन्हें दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार किया था। 

लखनऊ  PGI में भर्ती थे 
गौरतलब है कि गिरफ्तारी के बाद ही सुनील तिवारी की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें लखनऊ के PGI हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। उनका बीपी बढ़ गया था। सुनील  तिवारी ने सीने में दर्द की शिकायत भी की थी। पहले उनका इलाज इटावा में हुआ उसके बाद उन्हें लखनऊ लाया गया था। आज उनकी हालत में सुधर है इसलिए उन्हें रांची लाया गया है। 

कई दिनों से फरार थे सुनील तिवारी 
सुनील तिवारी की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस ने 3 टीम का गठन किया था। उनके खिलाफ बाल श्रम का भी एक मामला दर्ज हुआ था। जिसके बाद वह फरार चल रहे थे। रांची पुलिस लगातार उनकी छापेमारी कर रही थी। 3 टीम में से एक को यह सूचना मिली थी कि सुनील तिवारी इटावा के एक होटल में ठहरे हैं। उन्हें होटल से ही गिरफ्तार किया गया है। 

हाई कोर्ट में याचिका दर्ज 
सुनील तिवारी ने अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोप को बेबुनियाद बताया है। लेकिन अभी उस याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी है। हाई कोर्ट से पहले सुनील तिवारी ने निचली अदालत से अग्रिम जमानत देने का आग्रह किया था। लेकिन वहां उन्हें निराशा हाथ लगी। अदालत ने याचिका खारिज कर दी थी।

आरोपी के यहां काम करती थी युवती 
जिस युवती ने सुनील तिवारी पर आरोप लगाया है, वह उनके घर में काम करती थी। सुनील तिवारी पर कई दिनों से गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। इस मामले में युवती के द्वारा अरगोड़ा थाने में कांड संख्या 229/ 2021 दर्ज कराया गया है। अभी इस मामले पर बाबूलाल सहित अन्य लोगों के बयान आने बाकी हैं। इसका असर राज्य की राजनीति पर भी पड़ेगा।