द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूबे में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सावधानी बरतते हुए सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे कोविड से जुड़े सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें। दरभंगा में सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के समय में जो लोग सरकार में थे, उनका मंत्र पैसा हजम परियोजना खत्म का रहा है। उन्होंने कहा कि कमीशन शब्द से इतना प्रेम था कि कनेक्टिविटी पर कभी ध्यान ही नहीं दिया।
तेजस्वी को बताया जंगलराज का युवराज
मुजफ्फरपुर में रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार में विकास को, सुशासन को सर्वोपरि रखने वाली सरकार की जरूरत है। आप कल्पना कर सकते हैं, एक तरफ महामारी हो और साथ ही जंगलराज वाले राज करने आ जाएं तो ये बिहार के लोगों पर दोहरी मार की तरह हो जाएगा। जंगलराज के युवराज से बिहार की जनता पुराने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर और क्या अपेक्षा कर सकती है। इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो निवेश कर रही है, गांवों के पास बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दे रही है, उसका लाभ बिहार के लोगों को मिलने वाला है। इसके लिए 1 लाख करोड़ रुपये का स्पेशल फंड बनाया गया है।
मोदी ने गिनाई अपनी उपलब्धियां
पीएम मोदी ने दरभंगा में मैथिली में अपने भाषण की शुरुआत की| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पांच सालों के कार्य का लेखा-जोखा लोगों को देते हुए कहा कि हमने कहा था कि हर किसान के बैंक खाते में सीधी मदद भेजेंगे। आज करीब-करीब एक लाख करोड़ रुपये की सीधी मदद किसान के खाते में जमा कराई जा चुकी है। हमने कहा था कि हर गरीब का बैंक खाता खोलेंगे। आज 40 करोड़ से ज्यादा गरीबों का बैंक खाता खुल चुका है। हमने कहा था कि हर गरीब बहन-बेटी की रसोई में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाएंगे। आज उज्जवला योजना ने बिहार की भी करीब 90 लाख महिलाओं को लकड़ी के धुएं से मुक्त किया है। हमने कहा था हर गरीब को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देंगे। आज बिहार के भी हर गरीब को ये सुविधा मिल रही है। इसी के साथ पीएम मोदी ने माता सीता को याद किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का काम ऐसा है कि सीता नैहर निहार रही होंगी।
बिहार में मतदान का अच्छा आंकड़ा
बता दें कि बिहार में कोरोना से स्थिति खराब होने के बावजूद सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग अच्छा कर रहे हैं। पहले चरण के लिए दोपहर 1 बजे तक भागलपुर में 34.34% मतदान हुए हैं, बांका में 33.14%, शेखपुरा में 29.49%, भोजपुर में 32.15%, रोहतास में 30.26%, औरंगाबाद में 33.32% और जमुई में 31.37% मतदान हुआ है। पीएम मोदी की अपील का असर बिहार के लोगों में दिख रहा है।