द फॉलोअप टीम, रांचीः
आज पूरे झारखंड में पेट्रोल पंप वालों ने हड़ताल किया, 6 बजे तक सभी पेट्रोल पंप पर ताला लगा रहा। इस आंदोलन को कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा प्रायोजित आंदोलन कह रहे हैं। झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डा.राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भाजपा प्रायोजित यह आंदोलन है। कांग्रेस नेताओं ने कहा पेट्रोल-डीजल बेचकर कमीशन खाने वालों को अगर जनता की इतनी ही चिंता है तो पंप मालिक अपना कमीशन कम कर दें तो जनता को बड़ी राहत मिल सकती है। 30 रुपये से ऊपर पेट्रोल डीजल पर केंद्र की सरकार कमा रही है यह इन्हें दिखाई नहीं दे रहा है। सच तो यह है कि भाजपा के प्रभाव में पेट्रोल पंप मालिक सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
दीपक प्रकाश को दी चुनौती
आलोक दूबे,किशोर शाहदेव एवं डा.राजेश गुप्ता ने कहा विधानसभा में मुख्यमंत्री का यह बयान बिल्कुल सटीक था कि भाजपा चोर दरवाजे से राजनीति कर रही है, कभी जेपीएससी में भाड़े के लोगों को भेजकर आंदोलन करवा रही है और अब पेट्रोल पंप मालिकों का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को चुनौती दी है कि अगर हिम्मत है तो सामने आकर पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमत पर बात करें। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया की ऐसोसिएशन द्वारा वैट कम करने को लेकर घटिया राजनीति हो रही है। अगर आंदोलन ही करना था तो केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करना था जहां आज भी पेट्रोल डीजल की कीमतें 100 रुपये से अधिक या उसके आसपास हैं। पड़ोसी राज्यों से आज भी हमारी कीमतें काफी कम हैं।
पेट्रोल पंप मालिकों पर हो कार्रवाई
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य सचिव झारखंड सरकार से मांग किया है कि आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट के तहत आज के हुए नुकसान का आकलन करते हुए जिन पेट्रोल पंप मालिकों ने अपना पम्प बन्द किया उनके ऊपर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा विधानसभा सत्र के उपरांत एक शिष्टमंडल 23 या 24 दिसंबर को मुख्य सचिव से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करेगा।