logo

खुद का कल्याण करने वाले मुखिया जी को अब आधुनिक हथियारों से लैस बॉडीगार्ड भी चाहिए

खुद का कल्याण करने वाले मुखिया जी को अब आधुनिक हथियारों से लैस बॉडीगार्ड भी चाहिए

द फॉलोअप टीम, गढ़वा:

मुखिया नितेश सिंह तो आपको याद ही होंगे, अरे हां वही मुखिया जी जो कभी झोपड़ी में रहा करते थे और अब उनके पास अच्छा खासा दो मंजिला मकान है। जिन्हें एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में बंदूक लहराते हुए देखा गया था। अच्छा अगर आपको नहीं याद है तो बता दें कि नितेश सिंह गढ़वा के चिनियां प्रखंड के बरवाडीह पंचायत के मुखिया हैं।  दरअसल हम उनकी बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि नितेश सिंह को अब सरकारी बॉडीगार्ड चाहिए। वह भी आधुनिक हथियारों वाला। उन्होने इसके लिए एसपी को पत्र लिखा है।

 


अपराधी धमकी दे रहे हैं

पत्र में लिखा है कि वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के गढ़वा जिले के युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं और राजनीतिक कार्यों से उन्हें कई जिलों में जाना पड़ता है। हाल के दिनों में कई आपराधिक तत्व और अपराधी उन्हें  धमकी भी दे रहे हैं। इसलिए उन्हें आधुनिक हथियार से लैस सुरक्षाकर्मी चाहिए ताकि वे और उनका परिवार सुरक्षित रह सके । मुखिया नितेश सिंह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में फायरिंग करने के बाद सुर्ख़ियों में हैं। 

 

मंत्री से है सांठ- गांठ
जानकारी के मुताबिक नितेश सिंह को एक मंत्री का करीबी बताया जाता है। कहा जा रहा है कि बालू के अवैध कारोबार में नितेश सिंह की संलिप्तत्ता है। उनपर आरोप भी है कि उन्होने सरकारी योजनाओं का फायदा अपने परिवार को पंहुचाया है।  मुखिया जी अपनी दबंगई के कारण भी चर्चा में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब वह प्रत्याशी के तौर पर खड़े हुए थे तब लोगों से हाथ जोड़कर वोट मांगा करते थे।  लगातार अपना और अपने परिवार का कल्याण कर रहे हैं। वह दो बार मुखिया बने। ग्रामीणों का आरोप है कि नितेश सिंह ने सरकारी योजना से लगने वाली डीप बोरिंग को अपने पिता की ज़मीन पर करवा दी।