logo

दूल्हन को दूल्हा पसंद नहीं था! शादी के 11वें दिन पत्थर से कूचकर मार डाला

5357news.jpg
द फॉलोअप टीम, गुमला:
कोई भी रिश्ता प्यार से निभाया जाए तो ठीक। जबरदस्ती बने रिश्ते का अंजाम भयानक होता है। झारखंड के गुमला जिला से सामने आई एक घटना इस बात की तस्दीक करती है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने पति को केवल इसलिए मार डाला क्योंकि शादी उसकी मर्जी के खिलाफ करायी गयी थी। हैरानी की बात है कि बीते 5 फरवरी को ही इनकी शादी हुई थी।

शादी से छुटकारा पाने के लिए पति की हत्या
नवविवाहिता के मुताबिक जिस लड़के से उसकी शादी करवाई गयी थी वो उसे पसंद नहीं था। इस बात से वो नाराज थी। इस शादी से छुटकारा पाने के लिए नवविवाहिता ने अपने पति को पत्थर से कूचकर मार डाला। युवक का शव 17 फरवरी को कुएं से बरामद किया गया था। जबरदस्ती जोड़े गए इस रिश्ते की वजह से एक निर्दोष युवक को जान गंवाना पड़ा।

शादी के बाद ससुराल गया था संजय तोपना
ये पूरा मामला गुमला जिले के बेतेरकेरा गांव का है। मृतक का नाम संजय है। संजय कामडारा थाना क्षेत्र के सुरसांग गांव के बनटोली का रहने वाला था। संजय की शादी बीते पांच फरवरी को कुरकुरा थाना क्षेत्र के बेतेरकेरा गांव की सनियारो से हुई थी। 11 फरवरी को सजंय अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ ससुराल गया। 17 फरवरी को उसकी लाश गांव के पास ही एक कुएं से मिली। पुलिस के मुताबिक 16 फरवरी को सनियारो अपने पति को खेत में ये कहकर ले गई कि वहां से सब्जी लाना है। वहीं सनियारो ने पत्थर से कूचकर संजय की हत्या कर दी। उसका शव कुएं में फेंका और घर गई।

हत्यारोपी पत्नी कर रही थी पुलिस को गुमराह
कुएं में शव मिलने के बाद सनियारो ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बताया कि वो 16 फरवरी की दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे पति के साथ खेत गई थी। वहीं उनके पति के मोबाइल पर किसी का फोन आया और वो बात करते हुए थोड़ी दूर निकल गए, जबकि वो अपने छोटे भाई के साथ घर आ गई। दिलचस्प है कि सुबह सनियारो दोबारा उस कुएं के पास पहुंची और संजय के कुएं में गिर जाने की आशंका व्यक्त की।

हालांकि, पुलिस को शुरू से ही मामला संदिग्ध लग रहा था क्योंकि संजय के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। पुलिस ने अब सनियारो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।