logo

मोरहाबादी मैदान का फिर से होगा सौंदर्यीकरण, बदलेंगी कई चीजें, नाईट मार्केट का ले सकेंगे आनंद

10576news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 


मोरहाबादी मैदान का रंग रूप बदलने की तैयारी चल रही है। नगर निगम मैदान का सौंदर्यीकरण कराएगा। इससे पहले भी करोडों रूपये खर्च करके मोरहाबादी मैदान का सौंदयीकरण किया जा चुका है। इस पर 5.85 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने सौंदर्यीकरण का टेंडर निकाल दिया है।

28 जुलाई को टेंडर फाइनल किया जायेगा
28 जुलाई को टेंडर फाइनल होगा। नगर निगम द्वारा जो रिपोर्ट तैयार किया गया है उसमें कहा गया है कि मैदान से किसी तरह का छेड़छाड़ नहीं होगा। सौदर्यीकरण के लिए डीपीआर तैयार हो गया है। अगले माह से काम शुरू कराया जाएगा। बता दें कि पिछली सरकार में मोरहाबादी मैदान के सौंदर्यीकरण पर 14 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। 

मनोरंजन का साधन उपलब्ध होगा
शिबू सोरेन के आवास से लेकर फुटबॉल स्टेडियम तक डिवाइडर बनाया जाएगा। मैदान के चारों तरफ 3 किमी तक साइकिल ट्रैक बनेगा। 10 फुट की चौड़ाई होगी। वहीं 25 साल पहले बने मार्केट को तोड़ा जायेगा। वहां 250 दुकानें वहीं के स्ट्रीट वेंडर को दिया जाएगा। रात्रि बाजार भी लगेगा जो 7 बजे के बाद खुलेगा और 12 बजे बंद होगा। चारों ओर रंग-बिरंगे लाइट के साथ लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाए जाएंगे।

क्या-क्या बदलाव किया जायेगा
वेंडर को स्वच्छता मानक का पालन करते हुए स्वास्थ्य विभाग से लाइसेंस लेना होगा। पार्किंग स्लॉट बनेगा जहां 100 चार पहिया व 100 दो पहिया वाहन खड़े रह सकेंगे। 2 हजार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि शहर के बीच में जंगल उग सकें। बच्चों के लिए इंटरटेनमेंट जोन बनेगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगेंगे। बापू वाटिका की बाउंड्री हटाई जाएगी। बापू की मूर्ति को सजाया जाएगा। करीब 1 करोड़ रुपए खर्च करके चारों ओर पेवर्स ब्लॉक लगाए जाएंगे।  साथ वहां लगने वाले फास्ट फूड स्टॉल को व्यवस्थित किया जायेगा। 

पहले भी रात्रि-बाजार लग चुका है
बता दें कि इससे पहले भी दो बार रात्रि बाजार लग चुके हैं। एक बड़ा तालाब के पास और दूसरा फिरायालाल चौक के पास। जो पूरी तरह से असफल रहा था। जहां तक लोग पहुंच ही नहीं पाते थे। लाइट की भी अच्छी व्यवस्था नहीं की गयी थी। किसी प्रकार की कोई सुविधा भी लोगों को नहीं मिल पायी थी। देखना होगा कि इसबार क्या होता है।