logo

पैसों के लिए गलत कोविड रिपोर्ट बना रहे निजी पैथोलैब! विधायक नवीन जायसवाल ने की कार्रवाई की मांग

7806news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
राजधानी रांची में निजी पैथोलैब द्वारा कोरोना की जांच में भारी अनियमितता बरती जा रही है। हटिया से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नवीन जायसवाल ने इस संबंध में डॉ. लाल पैथोलॉजी पर गंभीर आरोप लगाया है। नवीन जायसवाल का आरोप है कि डॉ. लाल पैथोलॉजी में लोगों की गलत रिपोर्ट बनाई जा रही है। कोरोना का भय दिखाकर लोगों को लूटा जा रहा है। उन्होंने जांच की मांग की है। 

विधायक ने माता-पिता की जांच करवाई थी
नवीन जायसवाल ने बताया कि उन्होंने एहतियातन अपने पिता शिवसंकर जायसवाल और माता शांति जायसवाल की कोरोना जांच 22 अप्रैल को अपोलो डायगोनोस्टिक में करवाई। 24 अप्रैल को इसकी रिपोर्ट दी गयी। दोनों की रिपोर्ट निगेटिव थी। बकौल नवीन जायसवाल, उन्होंने आत्मसंतुष्टि के लिए माता-पिता और भतीजी का टेस्ट डॉ. लाल पैथोलॉजी में करवाई। 25 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चूंकि किसी में कोरोना का लक्षण नहीं था। विधायक ने उनकी जांच डॉ. एस सरण टेस्टिंग सेंटर में करवाई। रिपोर्ट निगेटिव आई। दो जगहों से रिपोर्ट निगेटिव आई। 

डॉ. लाल पैथोलॉडी पर लगाया है गंभीर आरोप
विधायक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया है कि डॉ. लाल पैथोलॉजी में कोरोना की जांच मं जानबूझकर अनियमितता बरती जा रही है। रिपोर्ट पॉजिटिव बताकर लोगों को भयभीत किया जा रहा है। लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। नवीन जायसवाल ने इसे मानवता के साथ खिलवाड़ बताया। विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि अभी तक उन्होंने सुना था कि निजी पैथोलैब में कोरोना जांच में अनियमितता बरती जा रही है। इस बार वे खुद भुक्तभोगी बन गए हैं। नवीन जायसवाल ने स्वास्थ्य सचिव केके सोन और रांची के उपायुक्त छवि रंजन से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से कार्रवाई की अपील
नवीन जायसवाल ने स्वास्थ्य मंत्री से भी अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करवाई जाए। जिम्मेदार पैथोलॉजी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये ताकि आम लोगों का चिकित्सा व्यवस्था और जांच प्रणाली पर भरोसा कामय रहे। उन्होंने कहा कि यदि एक जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा किया गया तो आम लोगों को साथ क्या किया जाता होगा। रांची में पहले भी दवाइयों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी की शिकायत मिल चुकी है। लोग असंवेदनशील हो गये हैं।