द फॉलोअप टीम, गया
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान का दौर जारी है। इस दौरान बिहार के 16 जिलों की 71 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। बुधवार को बिहार सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान नीतीश कैबिनेट के एक मंत्री आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फंस गए हैं।
साइकिल से वोट डालने पहुंचे मंत्री
मामला गया से जुड़ा है, जहां बीजेपी के नेता और विधायक और कृषि मंत्री प्रेम कुमार वोट डालने के लिए बूथ पर पहुंचे थे। बिहार के कृषि मंत्री बूथ पर वोट डालने तो साइकिल से पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने कमल छाप वाला मास्क पहना रखा था। उन्होंने मतदान के दौरान भी इसे नहीं निकाला और कमल छाप का निशान का मास्क लगाकर ही वोट दिया।
मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज
कृषि मंत्री ने अपनी पार्टी के निशान वाला मास्क पहनकर न केवल वोट दिया, बल्कि जीत का भी दावा किया। ऐसे में कमल छाप मास्क पहनकर बूथ पर वोट डालने को लेकर उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया है। घटना गया के स्वराजपुरी के रोड नंबर 120 स्थित की है जहां प्रेम कुमार ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गलती से ऐसा मास्क लगा लिया था
इस घटना की गया के एसएसपी राजीव मिश्रा ने भी पुष्टि की है। मास्क लगाने के मामले में बिहार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार का भी पक्ष सामने आया है। कुमार ने कहा कि मिस्टेक से हो गया था, मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं थी और मुझे किसी ने इस तरफ ध्यान भी नहीं दिलाया। कुमार ने कहा कि अधिक व्यस्तता के कारण भाजपा का मास्क पहन के मैं वोट देने चला गया था।