द फॉलोअप टीम, खूंटी:
चार नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाया जा रहा था। सबा सांग नाम की महिला जो कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरंगकेल महुटोली की रहने वाली है वह इन बच्चियों को लेकर जा रही थी। पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो चारों नाबालिगों को मुक्त करवाया। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अच्छी नौकरी का दिया था झांसा
महिला को जेल भेजा गया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वो बच्चियों को अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देकर ले जा रही थी। उसने बताया कि बच्चियां अपनी मर्जी से उसके साथ जा रही थी। वहीं एक बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने घर में किसी को कुछ जानकारी नहीं दी है। उसने सुबह खाना खाया और जाने के लिए तैयार हो गई थी। घर में किसी को नहीं पता था कि उसे दिल्ली ले जाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
सबा संगा को एएचटीयू थाना खूंटी भेज दिया है। एक बच्ची आरोपी महिला की रिश्तेदार है। पुलिस अधिकारी आशुतोष शेखर ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चियों को बचाया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो बच्चों का ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि नौकरी के नाम पर बच्चियों को बहला-फुसला रहा है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।