logo

झारखंड के लोकायुक्त जस्टिस डीएन उपाध्याय का निधन, मुख्यमंत्री सहित इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

10257news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड के लोकायुक्त जस्टिस डीएन उपाध्याय का निधन हो गया। जस्टिस डीएन उपाध्याय कोरोना संक्रमित थे और दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की देर रात ढाई बजे डीएन उपाध्याय ने अंतिम सांस ली। वे बीते 15 मई को ही कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 18 मई को उनको बरियातू स्थित रामप्यारी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। 

कोरोना की वजह से स्थिति काफी गंभीर थी
कोरोना संक्रमित जस्टिस डीएन उपाध्याय की हालत बिगड़ती जा रही थी। उनको 25 मई को मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया। स्थिति में सुधार ना होता देख आखिरकार उनको 11 जून को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बता दें कि बतौर लोकायुक्त झारखंड में उनका 1 साल का कार्यकाल बाकी थी। जस्टिस डीएन उपाध्याय अभी 67 वर्ष के थे। फरवरी 2022 में डीएन उपाध्याय रिटायर होने वाली थे। झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्ति के बाद उनको पांच साल के लिए झारखंड का लोकायुक्त नियुक्त किया गया था। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निधन पर दुख जताया
मुख्यमंत्री हेमतं सोरेन ने जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। जस्टिस डीएन उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि "झारखण्ड के लोकायुक्त जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय जी के निधन की दुःखद खबर मिली। न्यायिक क्षेत्र में कार्य करते हुए जस्टिस उपाध्याय जी ने अनेकों दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे"। काफी दुखद घटना है। 

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रदेश के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भी जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय के निधन पर शोक व्यक्त किया। अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने लिखा कि झारखंड लोकायुक्त जस्टिस डीएन उपाध्याय जी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे। उन्होंने लिखा कि मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि। 

झामुमो विधायक सीता सोरेन ने दुख प्रकट किया
झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक सीता सोरेन ने भी जस्टिस ध्रुवनारायण उपाध्याय के निधन पर शोक व्यक्त किया। सीता सोरेन ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि  झारखण्ड के लोकायुक्त जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय जी के निधन की दुःखद समाचार प्राप्त हुई। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की इस घड़ी सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

बाबूलाल मरांडी डीएन उपाध्याय के निधन से दुखी
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी लोकायुक्त जस्टिस डीएन उपाध्याय के निधन पर दुख व्यक्त किया। बाबूलाल मरांडी ने उन्हें ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि झारखंड के लोकायुक्त व मा. उच्च न्यायालय के से.नि. न्यायाधीश डी. एन. उपाध्याय जी के निधन की सूचना से मर्माहत हू। उन्हें एक कर्मठ एवं जीवन पर्यन्त झारखंड के हित चिंतक के रूप में याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी दी श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी दिवंगत जस्टिस डीएन उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि  झारखंड के लोकायुक्त रहे डी एन उपाध्याय जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।