द फॉलोअप टीम, पटना
लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान के पीएम नरेंद्र मोदी का 'हनुमान' बताने पर जेडीयू ने जमकर उनकी खिल्ली उड़ाई है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मुंगेर से सांसद ललन सिंह ने कहा कि चिराग के 'मुंह में राम बगल में छुरी है'। बता दें कि एलजेपी राज्य में एनडीए गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। माना जा रहा है कि एलजेपी से कैंडिडेट्स से जेडीयू को नुकसान पहुंच सकता है।
'चिराग के मुंह में राम, बगल में छुरी'
ललन सिंह ने चिराग पर बड़े आरोप लगाते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'चिराग के मुंह में राम बगल में छुरी, भागलपुर में तो बीजेपी का उम्मीदवार है, क्यों खड़ा किए एक पूंजीपति को। कई जगह बीजेपी के उम्मीदवार हैं, जहां पूंजीपति को खड़ा किए हैं, यहां पूंजीपति को खड़ा क्यों किए हैं, वो तो वही बता सकते हैं।'
'महागठबंधन से कोई चुनौती नहीं'
महागठबंधन से चुनौती के सवाल पर सिंह ने कहा कि महागठबंधन का नेतृत्व को कोई ज्ञान नहीं है, न बिहार के इतिहास, भूगोल वास्तविक सच्चाई को किसी चीज से मतलब नहीं है। तेजस्वी यादव हवा में हैं, हवा में उड़ते रहनेवाला धम्म से नीचे गिर जाता है। चुनाव के बाद ऐसा गिरेंगे कि 2010 की पुनरावृत्ति होगी।' उन्होंने कहा कि एनडीए के मतदाता मन बनाए हुए हैं। चुनाव के ऐलान होने के बाद 75-80 फीसदी मतदाता मन बना लेते हैं कि किसे वोट देना है। पीएम मोदी का नेतृत्व है देश में, राज्य में नीतीश कुमार का नेतृत्व है। बिहार में विकास की लंबी लकीर खींची गई है।
'लालू का कोई असर नहीं'
विधानसभा चुनाव में लालू यादव की गैरमौजूदगी पर ललन सिंह ने कहा कि 2010 में तो लालू जी भी थे। लालू जी थे तो आरजेडी को 22 सीट मिली। ललन ने दावा किया कि इसबार एनडीए दो तिहाई सीटें जीतेगी और फिर से नीतीश सरकार बनेगी।