logo

रांची लौटीं निकी प्रधान और सलीमा टेटे तो हुआ भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से प्रोजेक्ट भवन तक दिखा ऐसा नजारा

11759news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट बुधवार को कुछ अलग नजर आया। इसका मुख्य द्वार फूलों से सजाया गया था। सामने हॉकी की युवा खिलाड़ी हॉकी स्टीक और तिरंगा झंडा लिए पंक्तिबद्द थीं। मुख्य द्वार के ठीक सामने स्थानीय कलाकार पारंपरिक वाद्ययंत्र के साथ तैयार थे। सुरक्षाकर्मी मुस्तैद थे, लेकिन ये तैयारी किसके लिए थी। दरअसल यहां आगमन हुआ था टोक्यो ओलंपिक्स में अपने प्रदर्शन से पूरी दुनिया को हैरान करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की दो अहम सदस्य और झारखंड की शान निकी प्रधान और सलीमा टेटे। 

टोक्यो ओलंपिक्स में किया था शानदार प्रदर्शन
टोक्यो ओलंपिक्स 2020 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इस टीम में झारखंड की दो खिलाड़ी निकी प्रधान और सलीमा टेटे भी शामिल थीं। दोनों ही खिलाड़ियों ने ओलंपिक्स में हुए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को दोनों खिलाड़ी रांची पहुंची। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रांची की जनता ने सलीमा टेटे और निकी प्रधान का भव्य स्वागत किया। 

निक्की प्रधान और सलीमा टेटे का भव्य स्वागत
निक्की प्रधान और सलीमा टेटे जैसे ही बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के मुख्य गेट से बाहर निकलीं, झारखंड के पारंपरिक वस्त्रों में सजे-धजे कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ नृत्य पेश कर दोनों स्टार खिलाड़ियों का स्वागत किया। खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी सहित हॉकी झारखंड के पदाधिकारी खुद एयरपोर्ट के अंदर तक निकी और सलीमा को रिसीव करने पहुंचे थे।

प्रशंसकों का हुजूम लगा रहा था जिंदाबाद का नारा
वहां लोगों का भारी हुजूम निकी प्रधान और सलीमा टेटे के जिंदाबाद के नारे लगा रहा था। भारत माता की जय के भी नारे लगे। रांची के सिटी एसपी और हटिया एसपी भारी पुलिस बल के साथ एयरपोर्ट में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को कायम रखने के लिए मौजूद थे। यहां कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोग भी निकी प्रधान और सलीमा टेटे का स्वागत करने के लिए मौजूद थे। पूरे एयरपोर्ट में उत्सव जैसा माहौल था। भारी भीड़ थी। 

जब फूलों से सजी खुली जीप में निकला काफिला
रांची एयरपोर्ट से निकी प्रधान और सलीमा टेटे को अलग-अलग फूलों से सजी ओपन एयर जीप में बिठाया गया। यहां भी लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और हाथ मिलाने या ऑटोग्राफ लेने की कोशिश करने लगे। निकी प्रधान और सलीमा टेटे ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और मुस्कुरा कर और हाथ हिलाकर सबका अभिवादन स्वीकार किया। यहां कुछ देर रूकने के बाद निकी प्रधान और सलीमा टेटे का काफिला प्रोजेक्ट भवन की ओर कूच किया जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका इंतजार कर रहे थे। रास्ते में एक लंबा काफिला, जिसमें खेलमंत्री सहित तमाम अधिकारी निकी प्रधान और सलीमा टेटे को एस्कॉर्ट कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित
प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के मुख्य सचिव और खेल सचिव ने निकी प्रधान और सलीमा टेटे का स्वागत किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यहां दोनों खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये का चेक, स्कूटी, लैपटॉप और स्मार्टफोन दिया। निकी प्रधान और सलीमा टेटे का पूरा परिवार भी यहां आया हुआ था। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कहा कि जिन परिस्थिथियों में और सीमित संसाधनों के बावजूद निकी प्रधान औऱ सलीमा टेटे जिस मुकाम पर पहुंची वो लाखों युवाओं को प्रेरित करेगा हॉकी को बतौर करियर चुनने के लिए। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।