logo

सदर अस्पताल के 250 कर्मचारियों ने किया हड़ताल, रांची में कोरोना जांच प्रभावित

9760news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

सदर अस्पताल में कोविड जांच की प्रक्रिया रुक गई है, क्योंकि जांच के लिए जिम्मेवार कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल की वजह से सोमवार सुबह से ही कोविड जांच की प्रक्रिया ठप रही। हड़ताल की वजह कोरोना ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दो कर्मचारियों को सदर अस्पताल से उनके पूर्व स्थान पर भेजा जाना है। सदर अस्पताल में कोरोना ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्ति पर आए दो कर्मचारी संजय सिंह और शैलेन्द्र भारद्वाज को उनके पूर्व स्थान पर भेजा गया है। अन्य कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। 

सिविल सर्जन हाय-हाय के लगे नारे 
विरोध के दौरान सभी परमानेंट और आउटसोर्सिंग कर्मी जमीन पर बैठ गए और धरना देते हुए सिविल सर्जन हाय-हाय का नारा लगाया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि दोनों ही कर्मचारियों के सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्ति से काम सुचारू ढंग से चल रहा था। उनके चले जाने से काम अव्यवस्थित हो गया है। कर्मचारी दोनों को हटाए जाने के विरोध कर रहे हैं। 

बाकी जिलों में भी कामकाज प्रभावित
सदर में काम ठप होने की वजह से जिले में विभिन्न स्थानों पर भी काम रुक गया है। कैंप लगाकर जांच की जाने का काम भी रुक गया है। बता दें कि मोबाइल टीमें सदर अस्पताल से ही रवाना होती थीं। कई स्थानों पर से सैंपल पहले सदर अस्पताल ही लाए जाते थे। 

इस वजह से कर्मियों को भेजा गया
अस्पताल प्रबंधन ने दोनों कर्मचारियों को हटाए जाने के पीछे वजह बताई है कि वे पहले जहां थे, वहां का काम प्रभावित हो रहा था। सिविल सर्जन विनोद कुमार ने कहा कि अभी स्वास्थय मंत्री के साथ वीसी चल रहा है आगे क्या करना है यह थोड़ी देर में बताया जाएगा।