द फॉलोअप डेस्क
नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के अंतर्गत गुरुवार को नगर परिषद सभागार, पाकुड़ में XI पाकुड़/08 पाकुड़ नगर परिषद (वर्ग-ख) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल एवं 21 निर्वाचित वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उपाध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों— राणा ओझा एवं रुपाली सरकार—द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया गया। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में पाकुड़ नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।

मतदान के उपरांत मतों की गणना की गई, जिसमें राणा ओझा को 10 मत तथा रुपाली सरकार को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि 1 मत अमान्य (रिजेक्ट) घोषित किया गया। मतों की बराबरी होने की स्थिति में प्रचलित निर्वाचन नियमों के अनुसार लॉटरी (ड्रा ऑफ लॉट्स) की प्रक्रिया अपनाई गई। लॉटरी के माध्यम से राणा ओझा को नगर परिषद, पाकुड़ का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम की विधिवत घोषणा के उपरांत नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष राणा ओझा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों से जुड़े बुनियादी मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
.jpg)
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित पाकुड़ शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिसके परिणामस्वरूप संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं विधि-सम्मत तरीके से संपन्न हुआ। नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष राणा ओझा ने सभी को आभार व्यक्त करते हुए पाकुड़ के विकास के लिए एक नई दिशा देने की कम करेंगे की बात कही। इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रीतिलता मुर्मू, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अमरेन्द्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोपाल कृष्ण कुंवर, नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।