logo

हरभजन सिंह ने की सिद्धू से मुलाकात, पंजाब चुनाव से पहले पक रही है सियासी खिचड़ी! 

16453news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्कः 

शुक्रवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने वाले हरभजन सिंह ने शनिवार को पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की। सिद्धू से हरभजन की मुलाकात के बाद इस पूर्व क्रिकेटर के राजनीति ज्वॉइन करने की चर्चा तेज हो गई है। हरभजन सिंह से लगातार सवाल किया जा रहा है कि वे कब राजनीति ज्वॉइन करने वाले हैं। यदि वे राजनीति ज्वॉइन करते हैं तो वो कौन सी पार्टी होगी। हरभजन सिंह ने सिलसिलेवार ढंग से इसका जवाब दिया है। 

कई पार्टियों से मिले हैं हरभजन को ऑफर
हरभजन सिंह ने कहा कि मैंने अभी तक इस बारे में नहीं सोचा है। पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि मुझे अलग-अलग पार्टियों से शामिल होने का ऑफर मिला है। सिद्धू से मुलाकात को लेकर हरभजन सिंह ने कहा कि मैंने नवजोत सिंह सिद्धू से बतौर क्रिकेटर मुलाकात की। पूर्व स्पिनर ने कहा कि मैं सभी पार्टियों के राजनेता को जानता हूं। यदि पॉलिटिक्स में गया तो इसकी जानकारी आपको पहले दूंगा। हरभजन सिंह ने कहा कि मैं पंजाब की सेवा करना चाहता हूं। तरीका कोई भी हो सकता है। 

नवजोत सिंह सिद्धू से हरभजन की मुलाकात
गौरतलब है कि जब से हरभजन सिंह ने संन्यास का ऐलान किया है तभी से उनके राजनीति में शामिल होने की चर्चा हो रही है। इसकी वजह हरभजन सिंह के संन्यास लेने की टाइमिंग को भी माना जा रहा है। दरअसल, आगामी कुछ महीने में पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। पंजाब में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस अंतर्कलह के बाद हाल ही में उबरी है। कैप्टन अमरिंदर सिंह नई पार्टी बना चुके हैं। चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री हैं। हो सकता है कि हरभजन सिंह कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन करें क्योंकि बतौर क्रिकेटर उनकी नवजोत सिंह सिद्धू के साथ नजदीकी भी है। 

बतौर क्रिकेट एक्सपर्ट नजर आते हैं हरभजन सिंह
बता दें कि 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में एकदिवसीय वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के अहम सदस्य रहे हरभजन सिंह का क्रिकेट करियर 2 दशक लंबा रहा। उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को मिलाकर कुल 711 विकेट निकाले। आईपीएल में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेले। हरभजन सिंह ने ये भी संकेत दिया है कि वो आने वाले समय में मेंटोर या कोच की भी भूमिका में दिख सकते हैं। बीते कुछ समय से बतौर क्रिकेट एक्सपर्ट भी काम कर रहे हैं।