logo

बाढ़ की त्रासदी से आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त, करीब 60 लाख की आबादी प्रभावित, सीएम ने लिया जायजा

654news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना : बिहार में लगातार बारिश होने के चलते बाढ़ ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिहार के 14 जिलों की करीब 59 लाख 70 हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। सूबे के 14 जिलों में सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान और मधुबनी में बाढ़ अपना कहर बरपा रहा है। सूबे के 14 जिलों के 114 प्रखंडों की 1098 पंचायत बाढ़ की विभीषिका झेलने को अभिशप्त हैं।

खगड़िया नाव हादसे में 9 शव बरामद 
खगड़िया जिले में सदर प्रखंड की गंडक नदी में हुए नाव हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं। एसडीआरएफ की टीम अभी भी सर्च ऑपरेशन में लगी हुई है। बरामद सभी शवों की पहचान हो गई है। 7 मृतक खगड़िया के ही रहनेवाले हैं, वहीं 2 लोग मुंगेर के बताए जा रहे हैं। नाव में करीब 30 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम 5 किलोमीटर गंडक घाट के पास से सोनबरसा टोला के लिए नाव रवाना हुई थी। इस दौरान तेज आंधी के चलते नाव नदी में ही डूब गई। हालांकि दो लोगों के शवों को ग्रामीणों ने देर रात ही निकाल लिया था। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। 

सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दरभंगा में बाढ़ राहत शिविरों और सामुदायिक किचेन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये हैं।

मंत्री ने कहा- सभी तटबंध सुरक्षित
बूढ़ी गंडक, गंडक और अधवारा नदियों का पानी मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और खगड़िया जिलों के कई इलाकों में घुस गया है। जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए किये जा रहे कामों की लोगों को जानकारी दी़ है। इसके साथ ही सभी तटबंधों को सुरक्षित होने का दावा किया है। 

आपदा प्रबंधन विभाग की 31 टीमें तैनात 
आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्रडु ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 31 टीम बाढ़ प्रभावितों के बचाव और राहत कार्य में लगी हुई है। कई जिलों में 1365  सामुदायिक किचेन चलाए जा रहे हैं, जहां से प्रतिदिन साढ़े नौ लाख से अधिक लोगों को भोजन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में दरभंगा में 7,  मुजफ्फरपुर में 6, पश्चिम चंपारण में 2 और सिवान में 2 लोगों की मौत हो चुकी है। यानी अब तक बाढ़ से राज्य में 19 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 20 पशुओं की भी बाढ़ से जान जा चुकी है।