द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर:
झारखंड की बेटियों को राजस्थान और मध्यप्रदेश में लेजाकर बेचा जा रहा है। दरअसल इन राज्यों में शादी के लिए लड़कियां नहीं मिलती है़ं। जमशेदपुर पुलिस ने मानव तस्करी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है। पीड़िताओं में आदिम जनजाति समुदाय सबर की लड़कियां भी हैं। पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन लड़कियों को बरामद कर लिया है। वहीं गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। हैरत यह है कि लड़कियों को चूड़ी फैक्ट्री में काम दिलाने के नाम पर राजस्थान ले जाया गया था। लड़कियां गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की हैं। सभी जानकारी शनिवार को एसएसपी डाॅ एम तमिल वाणन ने मीडिया को दी।
गिरोह में शामिल दो लड़कियों और तीन आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मध्यप्रदेश और राजस्थान के अलग- अलग जिलों में छापामारी कर रही है। गिरफ्तार होने वालों में गुड़ाबंदा के बालेश्वर मुंडा, मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला के कुबेर सिंह, पप्पू पारिहार, मंटू गोस्वामी और महिला मकड़ी राठौर शामिल है़।
एसएसपी ने बताया कि वाट्सएप्प पर फोटो पसंद आने के बाद लड़कियों की कीमत तय होती थी। पांच सबर लड़कियों को 90 हजार से लेकर छह लाख रुपए में बेचा गया। गिरफ्तार एक आरोपी कुबेर सिंह पारिहार ने बताया कि उसने तीन लाख में एक लड़की को खरीद कर शादी की है। दूसरी गिरफ्तार महिला मकड़ी राठौर ने एक लड़की को 90 हजार रुपये में खरीदा था।