logo

India Corona Update: पांच दिन बाद 4 लाख से कम केस मिले, मौत का आंकड़ा भी घटा

8306news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच एक राहत वाली खबर मिली है। बीते पांच दिन में पहली बार कोरोना के मामले 4 लाख से कम हुए हैं। इस बीच मौत का आंकड़ा भी कम हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 3 लाख 66 हजार 317 नए संक्रमित मरीज मिली। इस दरम्यान 3 हजार 747 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी। 

देश में एक्टिव मरीजों की संख्या घटी
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 3 लाख 53 हजार 580 मरीज ठीक हो गये। इस हिसाब से एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या में केवल 8 हजार 907 का इजाफा हुआ। ये अब तक का सबसे न्यूनतम आंकड़ा है। भारत में इस वक्त कुल 37 लाख 41 हजार से ज्यादा एक्टिव कोरोना मरीज हैं। 2 लाख 46 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 

18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदी
कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार और झारखंड सहित कुल 18 राज्यों में संपूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदी लगाई गयी है। यहां जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सारी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद हैं। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी लगाई गयी है। आवश्यक काम से केवल सीमित समय के लिए ही नागरिकों को बाहर निकलने की इजाजत है। 14 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वैसे हैं जहां आंशिक लॉकडाउन लगाया गया है। 

मेडिकल पत्रिका लैसेंट ने की आलोचना
इस बीच एक मशहूर वैश्विक मेडिकल जर्नल लैसेंट ने भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के लिए भारत की आलोचना की है। केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है। पत्रिका में कहा गया है कि संक्रमण की दूसरी लहर की चेतावनी के बाद भी भारत सरकार ने चुनाव करवाये। कुंभ जैसा विशाल धार्मिक आयोजन होने दिया। क्रिकेट मैच में हजारों दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत दी। पत्रिका में ये भी कहा गया है कि सरकार ने पूरे एक साल बर्बाद किये।