द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस आज राष्ट्र विरोधी शक्तियों के साथ खड़ी है। वे प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35ए समाप्त होने से राष्ट्र की एकता तो मजबूत है, जिसका सर्वाधिक लाभ वहां के आदिवासी और दलित समाज को हुआ। भारत का संविधान लागू होने से इन वर्गों को संविधान में वर्णित सारी सुविधाएं मिलने लगी हैं।
'कांग्रेस गुपकार गठबंधन के साथ क्यों?'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का गुपकार गठबंधन के साथ मिलकर अनुच्छेद 370 की वापसी की बात करना राष्ट्र विरोधी शक्तियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने सवाल उठाया कि गुपकार गठबंधन के सभी नेताओं के बयान राष्ट्र के खिलाफ क्यों हैं? फारुख अब्दुल्ला जी चीन की मदद से 370 वापसी की बात कर रहे हैं। महबूबा मुफ्ती तिरंगा का अपमान कर रही हैं, वहीं कश्मीर के युवा कांग्रेस नेता जहां जेब सिरवाल राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से अनुच्छेद 370 लागू करवाने की बात कर रहे हैं।
'समझ से परे है कांग्रेस की सफाई'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सफाई समझ से परे है, जिसमे वे अपने को गुपकार डिक्लेरेशन का हिस्सा नहीं मान रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस गुपकार का हिस्सा थी और अब भी है। और अब कांग्रेस इस गठबंधन के साथ ज़िला विकास परिषद (डीडीसी) का चुनाव भी लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का देशद्रोही गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ रहना उनका पुराना चरित्र है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, गुलाम नबी आजाद 370 की पुनर्बहाली की बात सार्वजनिक रुप से करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विनाश काले विपरीत बुद्धि को चरितार्थ कर रही है। कांग्रेस का अलगाववादी नेताओं के साथ प्रेम देश और जम्मू कश्मीर के राजनीतिक भविष्य के लिये चिंताजनक है।