logo

बेटी ने मां को बताया पिता का ह'त्यारा, प्राथमिकी दर्ज 

14009news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

कोतवाली इलाके के रहने वाले अभिषेक गुप्ता की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की बेटी अनीशा गुप्ता ने अपनी ही मां को ही पिता का कातिल बताया है। उसने पिता की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई है।  पुलिस ने मृतक की पत्नी उषा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी ने पुलिस को बताया कि दो अक्टूबर को उसके माता पिता के बीच विवाद हुआ था उसी बीच मम्मी ने पिता के सर पर लोहे के रॉड से वार किया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। 

20 अक्टूबर को हालत बिगड़ने लगी 
बेटी ने आवेदन में लिखा कि 2 अक्टूबर को सुबह आठ बजे ही झगड़ा हुआ था। बात मारपीट तक पहुंच गई थी। मां उषा गुप्ता ने लोहे के रॉड से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया था। जिससे पिता को गंभीर चोटें आयी। पड़ोसी ने पापा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।  20 अक्टूबर को उनकी सेहत ज्यादा बिगड़ने लगी तो, उन्हें रिम्स ले जाया गया। काफी प्रयास के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। 

शराब की लत थी 
विवाद के पीछे की वजह शराब बताई जा रही  है। जानकारी के मुताबिक अभिषेक गुप्ता के शराब पीने की लत के कारण ही पत्नी से विवाद हुआ था। शराब पीने की आदत से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उषा गुप्ता ही परिवार चलाती थी। घटना वाले दिन भी अभिषेक ने शराब पि रखी थी। पुलिस का कहना है कि छानबीन के बाद ही पता चलेगा कि विवाद के पीछे का वास्तविक कारण क्या है।