द फॉलोअप टीम, रांची:
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने फरार छह नक्सलियों की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार नए पुरस्कार राशि की घोषणा कर दी। इसके अलावा 120 नक्सलियों के विरुद्ध पहले से घोषित पुरस्कार राशि का नवीकरण और भाकपा माओवादी के एक नक्सली के खिलाफ पद एवं पुरस्कार राशि का उत्क्रमण करने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
173 नक्सलियों के विरुद्ध पुरस्कार उद्घोषणा
ज्ञात हो कि वर्तमान समय में 279 नक्सलियों के खिलाफ पुरस्कार उद्घोषित है। इनमें से 106 नक्सली या तो गिरफ्तार हो चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं या फिर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। फिलहाल 173 नक्सलियों के विरुद्ध पुरस्कार उद्घोषणा प्रभावी है।
पुरस्कार की घोषणा दो वर्ष तक वैध
नक्सलियों के खिलाफ पुरस्कार की घोषणा दो साल तक वैध होगी। दो वर्ष के बाद पुनः नए पुरस्कारों की घोषणा की जा सकती है। वहीं, पांच लाख रुपए तक पुरस्कार उद्घोषित करने का अधिकार पुलिस महानिदेशक को है, जबकि पुलिस अधीक्षक दो लाख रुपए तक पुरस्कार उद्घोषणा कर सकते हैं। इससे ऊपर की पुरस्कार राशि की घोषणा के लिए राज्य सरकार सक्षम है।