logo

चेन स्नेचरों से भिड़ी बुजुर्ग महिला, शोर मचाने पर स्कूटी छोड़ भागे बदमाश

5156news.jpg
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर: 
चेन स्नेचरों की वजह से आम लोगों का सुख-चैन छिन गया है। ताजा मामला बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा के पास का है। जानकारी के मुताबिक इलाके में चेन स्नेचर ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। बदमाशों ने दिन-दहाड़े महिला के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। गनीमत रही कि बदमाश कामयाब नहीं हो पाए। 

बुजुर्ग महिला ने चेन स्नेचरों को सिखाया सबक
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार दो बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से चेन छीनने की कोशिश की लेकिन महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। हालांकि, अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बदमाश भागने में कामयाब रहे। इस दौरान दोनों बदमाश स्कूटी को घटनास्थल पर ही छोड़ भागे।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को किया जब्त
लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया। छानबीन में पता चला कि स्कूटी चोरी की है। महिला के बयान पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि, वो सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। 
तभी स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। महिला ने बताया कि उन्होंने इसका विरोध किया और शोर भी मचाया।