हजारीबाग
हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एयर कंडीशनर लगाने का काम कर रहे एक मैकेनिक की काम के दौरान गिरने से मौत हो गई, इसके बाद अस्पताल में जमकर हंगामा देखने को मिला. मृतक की पहचान मोहम्मद गुड्डू के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखा गया. जानकारी के अनुसार, मोहम्मद गुड्डू अस्पताल परिसर में एयर कंडीशनर इंस्टॉलेशन का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक वह दीवार से नीचे गिर पड़े. गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अस्पताल कर्मियों और मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी.
ठेकेदार और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे. गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना था कि काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे. न तो सुरक्षा बेल्ट उपलब्ध कराई गई थी और न ही अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन दिए गए थे, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ.
मुआवजा, कार्रवाई और परिवार के एक सदस्य को रोजगा देने के मांग
मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम होने से कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर हुई चूक, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई. फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया में जुटी है. वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं.